सिवनी में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्तूरबा वार्ड स्थित शिव मंदिर के पास संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। शनिवार रात की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 16 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपए नकद, 12 एंड्राइड मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में अधिकांश सिवनी शहर के अलग-अलग वार्डों के निवासी हैं, जबकि कुछ आसपास के क्षेत्रों से भी जुआ खेलने पहुंचे थे। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्तूरबा वार्ड में शिव मंदिर के समीप कुछ लोग एकत्रित होकर ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक दबिश से जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने मौके से भागने का अवसर दिए बिना सभी 16 लोगों को पकड़ लिया। एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से नकदी सहित मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांशु कुमरे, मनीष कहार, दीपक प्रजापति, महेश यादव, विशाल कुशवाहे, सावन बंदेवार, अरविंद सराठे, सुनील विश्वकर्मा, यशवंत श्रीवास, ललित उर्फ विश्वास पवने, नीलेश भांगरे, अभय बघेल, युवराज सिंह तेकाम, रितेश भारद्वाज, उज्जवल कुन्डे और राजकुमार सनोडिया शामिल हैं। गौरतलब है कि शहर के विभिन्न इलाकों में जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।
