Homeमध्यप्रदेशचित्रकूट में सीएम बोले- वनवासी राम लोक बनाएंगे:मंदाकिनी में दीपदान, गोदावरी फोर...

चित्रकूट में सीएम बोले- वनवासी राम लोक बनाएंगे:मंदाकिनी में दीपदान, गोदावरी फोर लेन का किया भूमिपूजन; सड़क किनारे दुकान पर कुल्हड़ वाली चाय पी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। यहां पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले में शामिल होकर उन्होंने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया और मां मंदाकिनी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के संतों का शाल, श्रीफल और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों का विकास पर्यटन नहीं, बल्कि तीर्थाटन की भावना से कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में रामराजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोभूमि है। उन्होंने अपने वनवास के 11 साल से अधिक समय यहां बिताए थे। ऐसे पवित्र स्थल का विकास श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। कामतानाथ के दर्शन किए, बच्चों से खरीदे दीपक
मुख्यमंत्री ने भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को दीपावली की मिठाई बांटी और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनका सहज अंदाज भी देखने को मिला। वे सड़क किनारे लगी चाय की दुकान पर पहुंचे और कुल्हड़ में चाय पी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की और दीपदान के लिए दीपक बेच रहे बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से दीपक खरीदे और उन्हें दीपावली की खुशियां बांटी। स्वास्थ्य शिविर पहुंचे, डॉक्टरों के साथ ली सेल्फी
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों से उपलब्ध सुविधाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रही उपचार सहायता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्वास्थ्यकर्मी उत्साहित नजर आए। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों के साथ सेल्फी भी ली। इसके बाद मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पीपा पुल का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here