Homeमध्यप्रदेशइंदौर कॉन्सर्ट में 'पटियाला पैग' नहीं गा सकेंगे दिलजीत दोसांझ:प्रोफेसर की शिकायत...

इंदौर कॉन्सर्ट में ‘पटियाला पैग’ नहीं गा सकेंगे दिलजीत दोसांझ:प्रोफेसर की शिकायत पर 4 गानों पर रोक; शराब-नशे और हथियारों वाले बोल पर आपत्ति

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट में चार गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को नहीं गाने देने को कहा है। विभाग का मानना है कि इनके बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं। जिन गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी’ शामिल हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 नवंबर को जारी पत्र में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला दिया है। दरअसल, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर ने इन गानों पर आपत्ति जताते हुए शिकायत की थी। उन्होंने बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने, दिलजीत को कारतूस वाली बेल्ट पहनने से रोकने और गानों के बोल बदलकर भी नहीं गाने देने की मांग की थी। विभाग ने पत्र में बताया है कि कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी एंट्री मिलेगी। वहीं, कार्यक्रम से पहले इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल भी मिल चुके हैं। 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी एंट्री विभाग ने पत्र में बताया है कि कॉन्सर्ट में 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश दिया जाएगा। इसी वजह से गानों के बोल को लेकर चिंता जताई गई है। पत्र की कॉपी कलेक्टर, विजय नगर के अनुविभागीय अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई है। बच्चों को मंच पर बुलाने, कारतूस बेल्ट पर भी आपत्ति प्रोफेसर धारेनावर ने अपनी शिकायत में चार गानों के अलावा दो और मांगें रखी थीं। उन्होंने कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और दिलजीत को कारतूस वाली बेल्ट पहनने से रोकने की मांग की थी। साथ ही कहा था कि इन गानों के बोल बदलकर भी नहीं गाए जाने चाहिए। उन्होंने हाईकोर्ट के पुराने आदेश का हवाला देते हुए प्रशासन से इन मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की थी। 3 स्कूलों और मेयर दफ्तर को निशाना बनाने की धमकी 2 नवंबर को इंदौर में तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल मिले। इनमें 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। अब कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा इंतजामों के साथ ही गानों और बच्चों की एंट्री को लेकर भी प्रशासन की नजर रहेगी। दिल्ली और मुंबई में भी कॉन्सर्ट को लेकर धमकी थी इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली में उनके प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा संबंधी इनपुट के कारण पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी। हालांकि, बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी मिल गई और 30 अक्टूबर को शो हुआ। 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here