बुधवार को इटारसी कृषि उपज मंडी में 1,025 किसान पहुंचे और 45,221 क्विंटल उपज की आवक दर्ज हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भीड़ से परिसर में जगह नहीं बची। एसडीएम नीलेश शर्मा ने देर रात निरीक्षण कर व्यवस्था के निर्देश दिए। किसानों से गुरुवार को मंडी नहीं आने की अपील मंडी परिसर में ट्रॉलियां खड़ी करने तक की जगह नहीं बची थी। स्थिति का जायजा लेने एसडीएम नीलेश शर्मा ने देर रात औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी सचिव प्रशांत पांडे को किसानों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि मंडी परिसर पूरी तरह भर चुका है। उन्होंने किसानों से गुरुवार को उपज लेकर मंडी नहीं आने की अपील की। कृषि उपज मंडी 6 से 10 नवंबर तक बंद रहेगी। किसान 11 नवंबर से अपनी उपज लेकर आएं। मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित होने की आशंका दीपावली से पहले मंडी में उपज की आवक बढ़ने की संभावना को देखते हुए एसडीएम ने खरीदी की व्यवस्था बनाए रखने और किसानों को परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की भीड़ से मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके लिए टीआई सौरभ पांडे को यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए। धान का भाव 5,060 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचा बुधवार को करीब 55 व्यापारियों ने किसानों से उपज खरीदी। मंडी में धान की 24,545 बोरी आई। इसका भाव 3,500 से 5,060 रुपए प्रति क्विंटल रहा। मक्का की 18,620 बोरी की आवक हुई। इसका भाव 2,350 से 2,825 रुपए प्रति क्विंटल रहा। गेहूं की 1,210 बोरी आई, जिसका भाव 1,605 से 2,958 रुपए प्रति क्विंटल रहा। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव प्रशांत पांडे, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल और मंडी कर्मचारी मौजूद रहे।
