उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। यात्री नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा था। हाथ में पोहा लेकर वापस ट्रेन में चढ़ते समय उसका हाथ फिसल गया और वह कमर तक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। मौके पर मौजूद RPF जवान रामचरण यादव ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से यात्री को बाहर खींचकर उसकी जान बचाई। यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पूरी घटना स्टेशन के CCTV कैमरे में कैद हो गई। पोहा लेकर चलती ट्रेन में चढ़ रहा था यात्री घटना दोपहर करीब 1:27 बजे की है। काचीगुड़ा एक्सप्रेस उज्जैन से भोपाल की ओर रवाना हो रही थी। इसी ट्रेन का एक यात्री नाश्ता लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा था। ट्रेन रवाना होने लगी तो यात्री हाथ में पोहा लेकर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। दरवाजे का हैंडल पकड़ते समय उसका हाथ फिसल गया और वह कमर तक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। RPF जवान ने यात्री को बाहर खींचा प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF जवान रामचरण यादव ने यात्री को फंसा देखा तो तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति की मदद से यात्री को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच से बाहर खींच लिया। इसके बाद यात्री को सुरक्षित ट्रेन में बैठा दिया गया। ट्रेन आंखों से ओझल होने तक निगरानी के निर्देश सहायक सुरक्षा आयुक्त राजीव उपाध्याय ने बताया कि यात्री नाश्ता लेने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था। उपाध्याय ने बताया कि RPF जवानों को ट्रेन रवाना होते समय दरवाजों और प्लेटफॉर्म पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रेन के पूरी तरह आंखों से ओझल होने तक प्लेटफॉर्म के आखिरी छोर तक निगरानी रखनी होती है। RPF जवान रामचरण यादव ने इन निर्देशों का पालन करते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला।
