बालाघाट में पूजा गांधी मंगलवार शाम कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे के साथ कोतवाली थाने पहुंचीं। उन्होंने भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन गांधी और ससुराल के अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पूजा गांधी थाने से लौट गईं। 30 अक्टूबर को भी शिकायत लेकर पहुंची थीं पूजा गांधी इससे पहले 30 अक्टूबर को भी शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। उन्होंने बताया कि करवाचौथ की रात ससुर कुलदीप गांधी, देवर अमन गांधी, बड़े ससुर और उनके बेटे ने उनके साथ मारपीट की। पूजा का कहना है कि अब उन्हें घर और पुलिस, दोनों जगह सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है। शराब पार्टी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप पूजा गांधी के मुताबिक, करवाचौथ की रात पूजा करके घर के अंदर लौटीं तो वहां शराब पार्टी चल रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने उसी रात पुलिस को शिकायत दी और अगले दिन भी घटना की जानकारी दी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। विधायक ने पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्तापक्ष के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी सम्मान की बात करती है, लेकिन भाजपा से जुड़े परिवार की बहू के साथ मारपीट के बाद उसका मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया गया। मुंजारे ने कहा कि कांग्रेस पूजा गांधी के साथ है। अगर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी। जांच के बाद कार्रवाई करेगी पुलिस सीएसपी अभिषेक सिर्रा ने बताया कि महिला की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
