बंडोल पुलिस ने रविवार रात गांजा लेकर जा रहे एक 56 वर्षीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 241 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपए बताई गई है। जानकारी के अनुसार बंडोल पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सिवनी की ओर से आ रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस रुकने पर उसमें सवार एक व्यक्ति हाथ में पीले रंग की थैली लेकर नीचे उतरा। पुलिसकर्मियों को देखकर वह अचानक भागने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। मादक पदार्थ जब्त पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैली से 241 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र पिता उमराव सिंह राजपूत (56), निवासी ग्राम गोरखपुरकला, थाना बंडोल बताया। गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
