सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उमरी-बंजरहा तालाब के पास एक महिला से मारपीट और उसके ऑटो-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। इसका वीडियो रविवार रात से वायरल है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना के करीब 24 घंटे बाद मुख्य आरोपी पर रंगदारी मांगने और मारपीट करने के आरोप में अड़ीबाजी का एक और केस दर्ज किया गया। पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। लाठी-डंडों से हमला किया
पुलिस के मुताबिक, ज्योति यादव (30) पति बृजेश यादव का रवि यादव से किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद रवि ने सतेन्द्र यादव और कुटुवा यादव के साथ मिलकर ज्योति से गाली-गलौज की। फिर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वह घायल हो गई। आरोपियों ने घर के बाहर खड़े ऑटो-रिक्शा में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद ज्योति की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, करीब 24 घंटे बाद रवि यादव ने रंगदारी मांगी और दोबारा मारपीट की। इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने अड़ीबाजी का केस भी दर्ज किया।
