मंदसौर जिले की दलौदा पुलिस ने गुरुवार शाम अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर तलाशी अभियान चलाकर करीब 300 लीटर महुआ लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं मोरखेड़ा निवासी महिला सुनीता के पास से 10 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस ने ग्राम बानिखेड़ी, एचली मगरा और मोरखेड़ा डेरे में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान झाड़ियों, सुनसान टीन शेड और खाइयों में डिब्बों में भरकर रखा गया करीब 300 लीटर महुआ लहान मिला। पुलिस ने महुआ लहान को वहीं नष्ट कर दिया और शराब बनाने वाली भट्टियों व सामान को भी पूरी तरह तोड़-फोड़ दिया ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके। यह कार्रवाई एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी की टीम ने की। प्रदेश में जहरीली शराब की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब और महुआ लहान के ठिकानों पर पुलिस की यह कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है।
