मुरैना जिले के सिहोनिया गांव में पत्नी के साथ कमरे में सो रहे 25 वर्षीय लवकुश माहौर की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब 3 बजे परिजनों ने गोली की आवाज सुनी। दरवाजा खुलवाने पर लवकुश कमरे में मृत पड़ा था। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। कमरे में पत्नी की टूटी चूड़ियां भी मिलीं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। घटना के विरोध में परिजनों ने मंगलवार रात मृतक का शव रखकर नेशनल हाईवे-552 के बड़ा गांव तिराहा पर जाम लगा दिया। वे हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर समझाइश में जुटे रहे। प्रदर्शन की तस्वीरें होली पर गुजरात से लौटा था लवकुश सूरत (गुजरात) में मजदूरी करता था और 12 दिन पहले बेटे के जन्म की खुशी तथा होली मनाने घर आया था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। वारदात सिहौनिया थाने के सामने वाली गली की बताई जा रही है। कमरे में मिले गन पाउडर के निशान जांच के दौरान पुलिस और एफएसएल टीम को मृतक की कनपटी पर गन पाउडर और कार्बन के अधिक निशान मिले हैं। डीएसपी विजय भदौरिया के अनुसार गोली सटाकर मारी गई प्रतीत होती है, जिससे मामला आत्महत्या की ओर संकेत करता है। सिहौनियां थाना पुलिस जांच में जुटी है। भाई का आरोप- पड़ोसी ने छत से आकर मारी गोली
मृतक के छोटे भाई अनिल माहौर ने पड़ोसी विक्रम परमार पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि विक्रम छत के रास्ते आया और गोली मारकर फरार हो गया। छत पर उसकी चप्पल भी मिली है। परिजनों का दावा है कि पिछले साल 6 मार्च 2025 को चाचा की बेटी की शादी में विक्रम से झगड़ा हुआ था, उसी रंजिश में वारदात की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
