छत्तीसगढ़ के बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग पर जमही टोल प्लाजा में शुल्क वसूली शुरू होते ही विवाद बढ़ गया है। टोल प्लाजा से युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी प्रशांत बोकड़े का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में प्रशांत बोकड़े और टोल प्लाजा मैनेजर के बीच बहस होती नजर आ रही है। इस दौरान प्रशांत बोकड़े मैनेजर से कहते हैं कि तुम कलेक्टर नहीं हो, खड़े हो कर बात करो। प्रशांत आगे कहते हैं कि 72 घंटे के भीतर स्थानीय लोगों को टोल में छूट नहीं दी गई तो टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की जाएगी। इसके लिए भले ही उन्हें दिवाली जेल में मनानी पड़े। जमही टोल प्लाजा पर रविवार, 25 अक्टूबर से शुल्क वसूली शुरू की गई है। बोकड़े का कहना है कि टोल के आसपास बसे गांवों के लोगों और बालोद-दल्लीराजहरा के बीच रोजाना आने-जाने वालों को भी छूट नहीं मिल रही है। 500 मीटर जाने के लिए भी टोल देना पड़ रहा है। नियमों के अनुसार 20 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को छूट दी जाती है। बोकड़े ने कहा कि इससे स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि झलमला से महाराष्ट्र बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-930 का काम पूरा नहीं हुआ है। जब सड़क का काम ही पूरा नहीं हुआ तो टोल वसूली कैसे शुरू कर दी गई। देखिए ये तस्वीरें- मैनेजर से बोले- आप IAS-IPS नहीं, खड़े होकर बात कीजिए टोल प्लाजा पर मैनेजर के साथ बातचीत के दौरान प्रशांत बोकड़े नाराज हो गए। मैनेजर के कुर्सी पर बैठकर बात करने पर उन्होंने आपत्ति जताई। बोकड़े ने कहा, ‘तुम IAS-IPS नहीं हो, जो जनप्रतिनिधियों के सामने कुर्सी पर बैठकर बात कर रहे हो। खड़े होकर बात कीजिए। आप अधिकारी हैं, हम जनप्रतिनिधि हैं। क्या आपके पास इतनी तवज्जो नहीं है? यहां के कलेक्टर हो क्या?’ उन्होंने कहा कि पहले सड़क निर्माण का काम पूरा किया जाना चाहिए, उसके बाद शुल्क वसूली की जानी चाहिए। हाईवे इंजीनियर को बुलाने की मांग, अधिकारियों पर लगाए आरोप टोल मैनेजर से बातचीत के दौरान बोकड़े ने नेशनल हाईवे के इंजीनियर वसीम शेख को मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने अधिकारी पर भ्रष्टाचार और कमीशन लेने के आरोप लगाए। बोकड़े ने कहा कि कहां है आपका नेशनल हाईवे का इंजीनियर वसीम? आपके वसीम साहब कहां हैं? भ्रष्ट अधिकारी कहां है, बुलाओ। 500 मीटर जाने के लिए भी टोल देना पड़ रहा- बोकड़े बोकड़े ने कहा कि टोल प्लाजा के दोनों ओर गांव बसे हुए हैं। ऐसे में एक गांव के व्यक्ति को दूसरे गांव में सामान खरीदने जाने के लिए भी टोल देना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या स्थानीय लोगों को एक किलोमीटर या 5-10 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए भी शुल्क देना होगा? उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों और जिले के लोगों को टोल से राहत मिलनी चाहिए। स्थानीय जरूरतों के लिए बार-बार इस मार्ग से गुजरने वालों पर शुल्क का बोझ डालना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की। कांग्रेस नेता बोले- स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ डालना गलत दल्लीराजहरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने कहा कि बालोद और दल्लीराजहरा के बीच रोजाना सैकड़ों लोग बीएसपी माइंस में काम करने के लिए आते-जाते हैं। आसपास के गांवों के ग्रामीणों को भी दिन में कई बार इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। ऐसे में हर बार टोल शुल्क देना उनके लिए आर्थिक नुकसान है। कोसमा ने कहा कि यह आदिवासी क्षेत्र है। महंगाई के दौर में आर्थिक रूप से कमजोर किसानों और ग्रामीणों पर अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, टोल शुरू करने से पहले एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन को आसपास के लोगों के लिए छूट की व्यवस्था करनी चाहिए थी। NHAI अधिकारी बोले- नियमानुसार होगी कार्रवाई नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के छत्तीसगढ़ प्रोजेक्ट ऑफिसर दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे अभी नए आए हैं और मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही कुछ कह सकेंगे। उन्होंने बताया कि नियमानुसार टोल प्लाजा के 18 से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों को छूट मिलती है। इस मामले में सभी तथ्यों की जानकारी लेने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 360 रुपए में मासिक पास बनवा सकेंगे स्थानीय लोग जिला मुख्यालय से करीब 16 किमी दूर ग्राम जमही के पास बने टोल प्लाजा पर 25 अक्टूबर से शुल्क वसूली शुरू हो चुकी है। इसके तहत कार, जीप और वैन से एक तरफ गुजरने पर 35 रुपए और 24 घंटे के भीतर आने-जाने पर कुल 55 रुपए देने होंगे। वहीं, टोल प्लाजा से 20 किमी के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक 360 रुपए में मासिक पास बनवा सकेंगे। युवा कांग्रेस नेता प्रशांत बोकड़े के बारे में जानिए प्रशांत बोकड़े बालोद जिले के दल्लीराजहरा के रहने वाले है। युवा कांग्रेस के प्रमुख नेता हैं। वे बालोद जिले के युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के दावेदारों में से एक हैं। ……………….. इस से जुड़ी यह ख़बर भी पढ़िए… मंत्री के PA ने टोलकर्मी को 5 थप्पड़ जड़े, VIDEO:गाड़ी पर टोल बैरियर गिरने से तमतमाया, मारपीट की; थाने में शिकायत, FIR दर्ज नहीं छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के पीए ने टोलकर्मी को पीटा है। दरअसल 2 सितंबर की रात मंत्री का काफिला लहपटरा टोल प्लाजा से गुजरा। इस दौरान काफिले की पहली गाड़ी टोल क्रॉस कर गई लेकिन दूसरी गाड़ी के ऊपर टोल बैरियर का बूम गिर गया। …पढ़िए पूरी खबर
