बड़वानी जिले के कलालदा स्थित गायत्रीधाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शरद उत्सव के दौरान विद्यार्थियों से ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर संवाद किया। उन्होंने मलखंब का प्रदर्शन करने वाले दल के लिए सीएम फंड से एक लाख रुपए देने और संवाद में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गौशाला में गोपूजन कर गाय को गुड़ खिलाया और विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों का मलखंब प्रदर्शन देख उत्साहित हुए सीएम गायत्रीधाम के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के सामने मलखंब का प्रदर्शन किया। छोटे बच्चों का प्रदर्शन देखकर मुख्यमंत्री उत्साहित नजर आए। उन्होंने एक बच्चे को अपने कंधे पर बैठा लिया। उन्होंने मलखंब दल के लिए सीएम फंड से एक लाख रुपए देने की घोषणा की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री स्वयं बच्चों के पास पहुंचे और एक विद्यार्थी को कंधे पर बैठाकर दल के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाया। संवाद में शामिल हर विद्यार्थी को 10 हजार रुपए देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल, कला, तकनीक और दूसरे क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल कर विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया। नीट में चयनित रोहित बामनिया की सराहना की मुख्यमंत्री ने नीट-2026 में चयनित छात्र रोहित बामनिया की सराहना की। उन्होंने उसे चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करने तथा दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रेरित करने की सीख दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार पात्र विद्यार्थियों को शासकीय और निजी महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए फीस संबंधी सहायता दे रही है। आराधना तरोले और साक्षी भागले की उपलब्धियों का जिक्र राष्ट्रीय कला उत्सव में शास्त्रीय संगीत के एकल गायन में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा आराधना तरोले ने प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री सहित मौजूद लोगों ने उनकी प्रस्तुति सुनी। राष्ट्रीय शालेय हाई जंप प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा साक्षी भागले को मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने उसे ओलंपिक और एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन का जिक्र करते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों की पांच स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतने की उपलब्धि भी बताई। स्मार्ट क्लास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर चर्चा छात्रा किरण गिरासे से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और जेईई-नीट की निशुल्क तैयारी जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया। कक्षा सातवीं के छात्र कृष्णा सीताराम चौहान ने मुख्यमंत्री से पूछा कि प्रदेशभर में भ्रमण के दौरान वे समय का प्रबंधन कैसे करते हैं। मुख्यमंत्री ने समय प्रबंधन के साथ नियमित योगासन, प्राणायाम, स्वाध्याय और अगले दिन की कार्ययोजना तैयार करने का महत्व समझाया। गौशाला में गोपूजन कर गाय को गुड़ खिलाया विद्यार्थियों से संवाद और मलखंब प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गायत्रीधाम स्थित गौशाला का अवलोकन किया। उन्होंने गोपूजन किया और गाय को गुड़ खिलाया। इसके बाद वे शरद पूर्णिमा उत्सव में शामिल होने रवाना हुए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के लोग पहुंचे थे। पीएम मोदी पर खड़गे के बयान की निंदा की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए बयान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खड़गे को इस बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत द्वेष के आधार पर प्रधानमंत्री के पिता के बारे में हल्की टिप्पणी करना देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।
