कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अवैध खनन, कथित वोट चोरी और जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आबकारी मंत्री पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद मंत्री को चुल्लू भर शराब में डूब मरना चाहिए। पटवारी ने नगरीय निकायों में खरीदी की जांच में दोषी पाए गए 365 अधिकारियों में से सिर्फ 7 के निलंबन पर भी सवाल उठाए। कटनी को खनन माफियाओं का शहर बताया पटवारी ने कटनी को खनन माफियाओं का शहर बताया। उन्होंने विधायक संजय पाठक पर खनन माफिया होने और सरकारी खजाने को करोड़ों रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इसका हिसाब लिया जाएगा। जहरीली शराब और कफ सिरप से बच्चों की मौतों का मुद्दा उठाया पटवारी ने जहरीली शराब और कफ सिरप से बच्चों की मौतों को लेकर आबकारी मंत्री पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब दुकानों के आवंटन में मंत्री के पीए को एक करोड़ रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया। 365 अधिकारियों में से सिर्फ 7 निलंबित करने पर सवाल नगरीय निकायों में खरीदी की अनियमितताओं का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि जांच में 365 अधिकारी दोषी पाए गए, लेकिन सिर्फ 7 को निलंबित किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि बाकी अधिकारियों पर अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौतों का मुद्दा भी उठाया। वोट चोरी के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही पटवारी ने देश और प्रदेश में कथित वोट चोरी के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के तहत आगामी 1 तारीख को राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के मामले में नए रिकॉर्ड बना रही है और जनता को इन मुद्दों पर जवाब मिलना चाहिए।
