शिवपुरी के गोशाला इलाके में गुरुवार को एक टीचर की पत्नी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने अपने भाई को एक वीडियो भेजा था। इसमें उसने कहा- सास-देवर ने इतना परेशान कर दिया कि मरना पड़ रहा है। उसने दोनों को कड़ी से कड़ी सजा देने की बात भी कही। मृतका की पहचान 27 वर्षीय राधा धाकड़ के रूप में हुई है। उसकी शादी 20 नवंबर 2025 को सुखवीर धाकड़ से हुई थी। सुखवीर निजी स्कूल में शिक्षक हैं। शादी को करीब 11 महीने हुए थे। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सुखवीर स्कूल में पढ़ाने गए थे। इसी दौरान राधा ने घर में फांसी लगा ली। स्कूल से लौटने पर पति ने उसे फंदे पर लटका देखा। थाने पर परिजन का 4 घंटे हंगामा पोस्टमॉर्टम के बाद राधा के मायके पक्ष के लोग शव लेकर शुक्रवार दोपहर 1 बजे देहात थाने पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करने की मांग की। करीब चार घंटे तक थाने पर हंगामा चला। देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर FIR दर्ज की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाई बोला- दहेज के लिए करते थे परेशान राधा के भाई गिर्राज धाकड़ ने बताया कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे लगातार परेशान कर रहे थे। राधा ने आत्महत्या से पहले वीडियो बनाकर उसे भेजा था। गिर्राज के मुताबिक, वह उस समय खेती-किसानी के काम में लगा था, इसलिए वीडियो समय पर नहीं देख पाया। वीडियो में राधा ने सास और देवर को कड़ी सजा देने की बात कही।
