मनावर सिविल अस्पताल से दोनों हड्डी रोग विशेषज्ञों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेज दिया गया है। इस फैसले पर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने 24 अक्टूबर को एसडीएम कार्यालय के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ धरना देने का ऐलान किया है। 21 अक्टूबर को डॉक्टरों को किया कार्यमुक्त सीएमएचओ धार के 17 अक्टूबर 2026 के आदेश के बाद अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील देसाई को सिविल अस्पताल कुक्षी और डॉ. संजय कुमार मुवेल को जिला चिकित्सालय धार भेजा गया। दोनों डॉक्टरों को 21 अक्टूबर को कार्यमुक्त किया गया। सड़क हादसों के मरीजों पर असर की आशंका विधायक डॉ. अलावा ने कहा कि मनावर में सड़क दुर्घटनाओं के मरीज बड़ी संख्या में आते हैं। ऐसे में हड्डी रोग विशेषज्ञों के हटने से आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उनके मुताबिक, मनावर विधानसभा क्षेत्र में अब एक भी हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं है। विधायक ने डॉक्टरों को राजनीतिक दबाव में हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि डॉक्टरों की कमी के कारण किसी की जान जाने पर वे सरकार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग करेंगे।
