धार जिले के बदनावर में पेटलावद रोड पर केंद्रफाटा के पास मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार काका-भतीजे की मौत हो गई। दोनों गुजरात से छुट्टियों में घर आए थे और ग्राम रूपाखेड़ा में रहने वाली बहन से मिलने जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों को बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अज्ञात वाहन की चपेट में आई बाइक मृतकों की पहचान नंदू पिता मनजी भूरिया भील (28) और किसन पिता ईश्वर भूरिया (19), निवासी ग्राम बीड़पाड़ा, थाना सरदारपुर के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बाइक से मुलथान के पास स्थित रूपाखेड़ा जा रहे थे। इसी दौरान केंद्रफाटा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक का शरीर वाहन के पहिए के नीचे कुचल गया। गुजरात में मजदूरी करते थे दोनों नंदू और किसन रिश्ते में काका-भतीजे थे। दोनों गुजरात में मजदूरी करते थे और छुट्टियों में अपने घर आए हुए थे। नंदू की बहन रूपाखेड़ा में रहती है। उसी से मिलने के लिए वह किसन के साथ निकला था। दोनों के माता-पिता भी सूरत में मजदूरी करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शवों का पोस्टमार्टम कराया। हादसे की सूचना मिलने पर रिश्तेदार और मृतकों की बहन अस्पताल पहुंचे। मंगलवार शाम तक उनके माता-पिता नहीं पहुंच पाए थे। उनके आने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
