प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प को लेकर नए नियम लागू किए हैं। मंडल के अनुसार, मुख्य विषयों के प्रश्नपत्रों में 2 अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में मिलने वाली आंतरिक विकल्प की सुविधा समाप्त कर दी गई है। वहीं 3 अंकों के लघुउत्तरीय और 4 अंकों के दीर्घउत्तरीय प्रश्नों में पहले की तरह आंतरिक विकल्प दिए जाएंगे। एनएसक्यूएफ विषयों में मिलेगी विकल्प की सुविधा नए नियमों के अनुसार मुख्य विषयों और एनएसक्यूएफ (NSQF) विषयों के प्रश्नपत्रों में अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। मंडल ने कहा है कि एनएसक्यूएफ (National Skills Qualifications Framework) विषयों के प्रश्नपत्रों में 5 अंकों के दीर्घउत्तरीय और 7 अंकों के निबंधात्मक प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि ये बदलाव शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षाओं से लागू होंगे। मंडल ने संबंधित अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों और पालकों को इस संबंध में जानकारी दी जाए। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 15 अक्टूबर को आदेश जारी कर इस पर अमल करने कहा है।
