केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘रिजीम चेंज गैंग’ का जिक्र करते हुए विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की दाल इसलिए नहीं गल रही है, क्योंकि देश के युवाओं, किसानों और माताओं-बहनों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का यह भरोसा किसी फर्जी नैरेटिव का मोहताज नहीं है, बल्कि काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से बना है। विपक्ष के नैरेटिव पर सवाल शिवराज ने कहा कि देश की जनता को उस नेतृत्व पर भरोसा है, जिसने दुनिया के सामने भारत का मस्तक ऊंचा किया और देश को आत्मविश्वास के साथ चलना सिखाया। उनके मुताबिक, आज का भारत न झूठे नैरेटिव से बहकता है, न षड्यंत्रों से डरता है और न ही देश को कमजोर करने वाली सोच के सामने झुकता है। उन्होंने ‘रिजीम चेंज गैंग’ शब्द का इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया, जिन पर उनका आरोप है कि वे झूठे नैरेटिव और षड्यंत्रों के जरिए मौजूदा नेतृत्व के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने किसी नेता या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया। चुनावी नतीजों का भी दिया हवाला शिवराज इससे पहले विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनावों और विभिन्न राज्यों के चुनावी नतीजों का हवाला देकर जनता के रुख पर अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी और ओडिशा के विश्वविद्यालयों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत का उल्लेख किया था। इन नतीजों के आधार पर उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा विपक्ष के कथित नैरेटिव से नहीं बदल रहा है। देश का सम्मान और भविष्य सर्वोपरि केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार के लिए देश का सम्मान और 140 करोड़ देशवासियों का भविष्य सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही नए भारत की ताकत है। यह विश्वास काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से बनता है, न कि प्रचार या आरोपों से। ‘जनता के भरोसे की दीवार से टकराकर बिखर रहे सपने’ शिवराज ने कहा कि जनता का विश्वास ही वह दीवार है, जिससे टकराकर ‘रिजीम चेंज गैंग’ के सपने बार-बार बिखर जाते हैं। ‘रिजीम चेंज गैंग’ को लेकर लगाए गए आरोप शिवराज की राजनीतिक टिप्पणी हैं।
