विजयादशमी पर राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में शस्त्र-पूजन करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर में शस्त्र-पूजन करेंगे। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा मंदसौर जिले में सरकारी शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। राजधानी भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग शस्त्र-पूजन करेंगे। रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल शस्त्र-पूजन करेंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर में शामिल होंगे। राकेश सिंह जबलपुर में शामिल होंगे। करण सिंह वर्मा सीहोर में शामिल होंगे। उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम में शामिल होंगे। 31 जिलों के शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में सरकार के मंत्री शामिल होंगे। वहीं 24 जिलों में मंत्रियों के शामिल न होने के कारण कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक यह भूमिका निभाएंगे। दशहरा से एक दिन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शस्त्र-पूजन देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन की परंपरा को शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और अन्याय के खिलाफ खड़े होने के संकल्प से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
