पांढुर्णा के तिगांव हाईवे पर शनिवार रात 12 बजे फोरलेन सड़क पार करते समय कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी तीन मासूम बेटियां घायल हो गईं। परिवार देवियों के दर्शन कर अपने गांव चाटवा लौट रहा था। हादसे के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जहां डॉक्टरों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चियों में से एक को गंभीर हालत में नागपुर रेफर किया गया है। थाना प्रभारी अमित दानी के अनुसार, मृतकों की पहचान चाटवा गांव निवासी वासुदेव उईके (40) और उनकी पत्नी सुनीता उईके (35) के रूप में हुई है। दोनों अपनी तीन बेटियों के साथ बाइक से लौट रहे थे। हादसे में माता-पिता की मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चियां घायल हो गईं। तीन वर्षीय बच्ची नागपुर रेफर हादसे में घायल तीन वर्षीय वैष्णवी के पैर की हड्डी टूट गई है। उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया। वहीं, पांच वर्षीय राखी और सात वर्षीय सोनू को पांढुर्णा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज जारी है। फोरलेन पार करते समय कार ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, दंपती तीनों बेटियों के साथ देवियों के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद परिवार एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहा था। इसी दौरान तिगांव हाईवे पर फोरलेन सड़क पार करते समय कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि पति-पत्नी की जान चली गई और तीनों बच्चियां घायल हो गईं। कार चालक मौके से फरार थाना प्रभारी अमित दानी ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कार की पहचान कर ली गई है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
