Homeमध्यप्रदेशमंदिर में हत्या की कसम खाई, फिर कुल्हाड़ी से काटा:सूदखोर की गर्दन...

मंदिर में हत्या की कसम खाई, फिर कुल्हाड़ी से काटा:सूदखोर की गर्दन पर 5, सिर पर 2 वार किए; 20% ब्याज से परेशान थे चारों, गेंदे के फूलों से पकड़े गए

ग्वालियर में एक सूदखोर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसकी गर्दन पर 5 और सिर पर 2 वार किए। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम गुर्जर (35) के रूप में हुई है। वह ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। वारदात 14 अक्टूबर झांसी रोड थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के ही गांव के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी 20% ब्याज और रोज-रोज की मानसिक प्रताड़ना से परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने पुरुषोत्तम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने शीतला माता मंदिर जाकर बाकायदा प्रण लिया था। इसके बाद वे माता की माला पहनकर घटनास्थल पर पहुंचे और पुरुषोत्तम की हत्या कर दी। घटनास्थल पर गेंदे के फूल भी मिले थे, जिनके आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। स्पॉट पर मिले गेंदे के फूल से सुलझी कत्ल की गुत्थी ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के केदारपुर के पास छोटी मढ़ैया में 14 अक्टूबर की सुबह भागीरथ गुर्जर के खेत में पुरुषोत्तम गुर्जर का खून से लथपथ शव मिला था। उसकी गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची तो घटनास्थल के पास एक चबूतरे पर गेंदे के फूल मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात से पहले आरोपी शीतला माता मंदिर गए थे। वहां पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने पुरुषोत्तम की हत्या करने की अनुमति मांगी। इसके बाद वे मंदिर से माला पहनकर घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। 3 दिन पहले चबूतरे पर बनी थी मर्डर की प्लानिंग पूछताछ में सामने आया कि छोटी मढ़ैया गांव के रहने वाले रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल और विजय उर्फ खैरी ने पुरुषोत्तम से 20% ब्याज पर 10 लाख रुपए उधार लिए थे। पुलिस के मुताबिक, पुरुषोत्तम उनसे रोज पैसे मांगता था और लगातार दबाव बना रहा था। वह गांव में लोगों के सामने उन्हें बेइज्जत भी करता था। इससे परेशान होकर चारों ने हत्या से तीन दिन पहले गांव के चबूतरे पर बैठकर पुरुषोत्तम की हत्या की साजिश रची थी। पत्नी मायके गई, इधर बना लिया शिकार 13 अक्टूबर की रात पुरुषोत्तम की पत्नी अपने भाई के एक्सीडेंट की खबर मिलने पर मायके पृथ्वीपुरा गई हुई थी। घर पर पुरुषोत्तम अकेला था और बाहर सो रहा था। रात करीब 11 बजे आरोपी रमन गुर्जर ने उसे नींद से जगाया और कहा, “चलो, ब्याज के पैसों का हिसाब कर लेते हैं। पैसे दे देता हूं।” आरोपियों की बातों में आकर पुरुषोत्तम घर के पास स्थित भागीरथ के खेत में उनके साथ चला गया। वहां बातचीत के दौरान चारों ने अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोप है कि चारों ने बारी-बारी से उसकी गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। ऐसे समझिए पूरा मामला बुधवार (14 अक्टूबर) की सुबह 8 बजे के लगभग केदारपुर छोटी मढैया गांव निवासी 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर का शव पड़ा मिला था। घटना स्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की थी। प्रारंभिक पड़ताल में ही गर्दन पर पांच व सिर पर दो घाव की पुष्टि हो गई। इतनी बेरहमी से हत्या बता रही थी कि हत्या आरोपियों के दिल में मृतक के लिए बहुत नफरत थी। मृतक की जेब से लेनदेन की एक पर्ची मिली थी, जिसके बाद यह साफ हो गया था कि हत्या की वजह लेनदेन ही है। जब पुलिस ने संदेहियों की लिस्ट तलाशी तो यह चार नाम भी मिल गए थे, जिनको खंगाला तो पूरी कहानी सामने आ गई। SSP बोले- 5 टीमों ने जुटाए साक्ष्य ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह ने बताया कि अंधे कत्ल का खुलासा करने के लिए ASP डॉ. शिवेश सिंह बघेल के निर्देशन में CSP रवि भदौरिया की 5 टीमों ने 72 घंटे के भीतर तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पर्दाफाश किया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here