आलीराजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह करीब 7 बजे आम्बुआ, उदयगढ़, आजाद नगर और जोबट थाने की संयुक्त टीम ने छोटा इटारा के डुडवा फलिया में दो खेतों पर दबिश दी। यहां से गांजे के 2070 पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 2079 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। चार थानों की टीम ने दी दबिश पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटा इटारा के डुडवा फलिया स्थित दो खेतों में गांजे की खेती की जा रही है। इसके बाद चार थानों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों खेतों से गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त पौधों की मात्रा को देखते हुए इसे जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। दो आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट में केस एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल ने बताया कि मामले में मुकाम चौहान पिता रत्निया चौहान (44) और जगन पिता गुलसिंह (50), दोनों निवासी छोटा इटारा, के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 शामिल हैं। 2079 किलो पौधे जब्त, कीमत एक करोड़ रुपए पुलिस के अनुसार, दोनों खेतों से कुल 2070 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 2079 किलोग्राम है। जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
