इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट से जनवरी के बाद फरवरी में भी यात्री संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा। जनवरी की तुलना में फरवरी में प्रतिदिन औसतन 456 यात्रियों की बढ़त दर्ज की गई। उड़ानों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। हालांकि फरवरी 28 दिनों का महीना होने के कारण कुल यात्री संख्या जनवरी से कम रही, लेकिन प्रतिदिन यात्रियों और उड़ानों का औसत अधिक रहा। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च में यात्री और उड़ानों की संख्या में और वृद्धि देखने को मिलेगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी की रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े फरवरी में यात्रियों और उड़ानों की औसत संख्या में हुई बढ़ोतरी का खुलासा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार फरवरी में इंदौर से कुल 2,642 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे 3 लाख 71 हजार 437 यात्रियों ने सफर किया। यानी 28 दिनों के हिसाब से रोजाना औसतन 94.4 उड़ानों के जरिए 13,266 यात्रियों ने यात्रा की। वहीं जनवरी में कुल 2,882 उड़ानों का संचालन हुआ था, जिनसे 3 लाख 97 हजार 98 यात्रियों ने सफर किया। इस तरह फरवरी में जनवरी की तुलना में कुल 240 उड़ानें और 25,661 यात्री कम रहे, लेकिन जनवरी 31 दिनों का महीना था। प्रतिदिन के औसत की बात करें तो फरवरी में रोजाना औसतन 456 यात्री और 1.4 उड़ान अधिक रहीं। समर शेड्यूल में नई उड़ानों की उम्मीद एयरपोर्ट पर नवंबर 2024 से चल रहा रनवे का कार्य इस माह पूरा हो जाएगा। इसके चलते 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंदौर एयरपोर्ट के दोबारा 24 घंटे संचालन में आने की उम्मीद है। इससे इंदौर को कई नई उड़ानें मिल सकती हैं। इसके साथ ही पहली बार फ्लाई 91 एयरलाइंस इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए उड़ानें शुरू करने जा रही है। छुट्टियों के साथ बढ़ेगी यात्रियों की संख्या ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से यात्री संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस माह स्कूलों की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद गर्मी की छुट्टियां शुरू होंगी, जिससे घूमने जाने वाले यात्रियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। यात्रियों ने अभी से अपने टूर बुक करना शुरू कर दिया है। इस माह पूरा होगा रनवे और टर्मिनल का काम इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने बताया कि फरवरी में जनवरी की तुलना में प्रतिदिन औसतन 450 से अधिक यात्रियों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उड़ानों का औसत भी बढ़ा है। इस माह पुराने टर्मिनल का रेनोवेशन और रनवे का कार्य पूरा हो जाएगा। जल्द ही एयरपोर्ट को दोबारा 24 घंटे संचालन के लिए खोला जाएगा, जिससे उड़ानों और यात्री संख्या में और वृद्धि होगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
