दमोह जिले के हटा में गुरुवार को कांग्रेस के पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी सुधीर बेगी के दोनों हाथ झुलस गए। घटना के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत पर 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही है। पुतले छीनकर आग बुझाने की कोशिश में झुलसे हाथ घटना गुरुवार दोपहर बड़ा बाजार तिराहा की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान हुई। थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि जलते हुए पुतलों को छीनकर आग बुझाने की कोशिश के दौरान उनके दोनों हाथ झुलस गए। इन धाराओं में दर्ज किया केस थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 121(1), 132 और 287 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अज्ञात लोगों की पहचान की जा सके।
