गुना जिले में 1,260 करोड़ रुपए की लागत से सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस का प्लांट स्थापित किया जाएगा। आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड यह इकाई राघौगढ़ तहसील के चैनपुरा औद्योगिक क्षेत्र में लगाएगी। यह भारत का पहला अति-शुद्ध सिलेन गैस संयंत्र होगा। इसमें अप्रैल 2029 तक व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। मुंबई में आयोजित मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों से जुड़े कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कंपनी के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ जैन के बीच बैठक हुई। इसमें इस निवेश प्रस्ताव पर सहमति बनी। विजयपुर-गेल के पास 40 एकड़ में बनेगा प्लांट कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि यह संयंत्र विजयपुर-गेल के पास ग्राम चैनपुरा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए करीब 40 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। गैस बनाने की प्रक्रिया के लिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति गेल की मुख्य पाइपलाइन से की जाएगी। 350 युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार इस प्लांट से स्थानीय स्तर पर करीब 320 से 350 युवाओं को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, सैकड़ों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और आजीविका के अवसर मिलेंगे। परियोजना से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हर साल 350 करोड़ रुपए के आयात में कमी का अनुमान सेमीकंडक्टर बनाने में इस्तेमाल होने वाली अति-शुद्ध सिलेन गैस फिलहाल भारत विदेशों से आयात करता है। इस प्लांट के शुरू होने से हर साल करीब 350 करोड़ रुपए के आयात की जगह देश में ही इस गैस का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे आयात पर निर्भरता कम करने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
