रायसेन में नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार शाम 7 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में डीजे संचालकों की बैठक हुई। एसडीएम मनीष शर्मा और एसडीओपी आकांक्षा तलैया की मौजूदगी में हुई बैठक में डीजे बजाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने कहा कि सभी डीजे संचालक तय सीमा में ही आवाज रखें। रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। तेज आवाज से बच्चों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को परेशानी होती है। इसलिए स्कूलों और रिहायशी इलाकों के आसपास भी आवाज का विशेष ध्यान रखा जाए। एसडीएम मनीष शर्मा ने भी डीजे संचालकों से नियमों के अनुसार डीजे बजाने और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। डीजे संचालकों से भरवाए स्वघोषणा-पत्र नवरात्रि पर्व 2026 को देखते हुए पुलिस ने डीजे संचालकों से स्वघोषणा-पत्र भरवाए। इनमें डीजे संचालन से जुड़े आठ बिंदुओं पर नियमों का पालन करने की सहमति ली गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि रात 10 बजे के बाद या तेज आवाज में डीजे बजाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाहर से आकर डीजे चलाने वाले संचालकों पर भी नियम तोड़ने पर कार्रवाई होगी। पुलिस ने सभी संचालकों से त्योहारों के दौरान सहयोग करने की अपील की।
