पहाड़ी खेरा के मोहन पुरवा गांव में शुक्रवार की शाम एक हादसा हुआ। पहाड़ी खेरा बाजार जाने के लिए रास्ते में खड़ी एक सवारी ऑटो को तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग चिल्लाने लगे। डंपर चालक हादसे के बाद गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत 3 गंभीर घायलों को पन्ना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में 25 साल की एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। ये हुए घायल घायलों में नीलू सेन (पति राजा बाबू सेन, 25 वर्ष, गर्भवती महिला), सोनी कोल (पति विनोद कोल, 30 वर्ष) और कुसुम कली कोल (पति अजीत कोल, 25 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अज्ञात डंपर और उसके फरार चालक की तलाश की जा रही है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
