शाजापुर जिले के सुनेरा में घर में सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 2.40 लाख रुपए का सोने का मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल 1 लाख रुपए की मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। कुंडी तोड़कर घर में घुसे थे बदमाश पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 की रात ग्राम सुनेरा में बदमाश घर के एक कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे थे। उन्होंने सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूटा और फरार हो गए। शिकायत पर सुनेरा थाने में बीएनएस की धारा 309(4) और 331(3) के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि एक संदिग्ध काले रंग की मोटरसाइकिल से बोलाई की तरफ से शाजापुर आ रहा है। पुलिस ने लाहोरी बर्डे रोड पर घेराबंदी कर होकमसिंह पिता फूलसिंह कंजर, निवासी देवड़ा कंजर डेरा, को पकड़ लिया। इंदौर में मंगलसूत्र बेचने जा रहा था पूछताछ में होकमसिंह ने अपने साथी पप्पू पिता बैजनाथ कंजर और पिंटू पिता विक्रम कंजर के साथ मिलकर वारदात करना बताया। पुलिस के मुताबिक, वह मंगलसूत्र बेचने के लिए इंदौर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। उसके खिलाफ दूसरे थानों में भी लूट के मामले दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
