भिंड जिले की फूप पुलिस ने लग्जरी अर्टिगा कार से बकरी चोरी करने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी रात में फूप और आसपास के गांवों से बकरियां चोरी कर इटावा बेचने ले जा रहा था। नीबुआ चौकी के पास पुलिस ने कार रोककर उसे पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर 10 बकरियां बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है। दो जगह से चोरी हुई थीं 8 बकरियां
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात फूप के वार्ड नंबर 8 निवासी रामबाबू धाकड़ की तीन बकरियां चोरी हुई थीं। इसी रात भोनपुरा निवासी संतोष कुमार जाटव की पांच बकरियां भी चोरी हो गई थीं। दोनों मामलों में 3 अक्टूबर को फूप थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इटावा ले जाते समय पकड़ा
थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की बकरियां अर्टिगा कार से इटावा ले जाई जा रही हैं। पुलिस ने नीबुआ चौकी के पास घेराबंदी कर कार रोकी और आरोपी को पकड़ लिया। 10 बकरियां और कार जब्त
पूछताछ में आरोपी ने फूप कस्बे, भोनपुरा और देहात थाना क्षेत्र में साथियों के साथ बकरी चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 10 बकरियां और अर्टिगा कार जब्त की है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और बकरी चोरी की दूसरी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एसपी सूरज कुमार वर्मा, एएसपी प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी अटेर रविंद्र वास्कले के नेतृत्व में हुई। इसमें थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर, उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह और पुलिस टीम की भूमिका रही।
