आलीराजपुर की सोंडवा पुलिस ने वालपुर के भगोरिया मेले में हुई नाबालिग की हत्या का मामला 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में तीन बालिग और एक नाबालिग सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग की हत्या मामूली धक्का लगने के विवाद के बाद चाकू मारकर की गई थी। धक्का लगाने की बात से शुरू हुआ था विवाद यह घटना 27 फरवरी को सोंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम वालपुर में आयोजित भगोरिया मेले के दौरान शाम 4 से 5 बजे के बीच हुई थी। मेले में दो पक्षों के युवकों के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के अज्ञात युवकों ने तलावद (थाना उदयगढ़) निवासी एक नाबालिग बालक पर लात-घूंसों से हमला किया और धारदार चाकू से उसके पेट, पीठ और छाती पर वार किए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घायल नाबालिग को तत्काल सोंडवा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय आलीराजपुर रेफर किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने थाना प्रभारी सोंडवा राजाराम बडोले के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। CCTV कैमरों से की मदद से पकड़ाए आरोपी गठित टीम ने जांच के दौरान त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने वालपुर मेला स्थल पर लगे ग्राम पंचायत के सीसीटीवी कैमरों और निजी प्रतिष्ठानों के फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही, पारंपरिक मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इनको किया गिरफ्तार प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोंडवा क्षेत्र के निवासी दिनेश, कमलेश, अर्जुन और एक अन्य नाबालिग को हिरासत में लिया। गहन पूछताछ में आरोपियों ने वालपुर मेले में हुई घटना को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मेले में मामूली धक्का लगने के कारण हुए विवाद के प्रतिशोध में उन्होंने मृतक पर धारदार चाकू से हमला किया था।
