पन्ना जिले के गुनौर में सांप के डसने से सपना बाई वंशकार(19) नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में समय पर इलाज नहीं मिलने और डॉक्टर के ड्यूटी पर मौजूद नहीं होने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। सपना की शादी 29 जून 2026 को सोनू वंशकार से हुई थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही का आरोप ग्राम मुराछ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे युवती अपने मायके में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके गाल पर डस लिया। परिजन उसे तत्काल गुनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। मृतका के बड़े पापा जगदीश वंशकार और मामा कन्हैया कुमार का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि स्वास्थ्यकर्मियों ने इलाज और एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उसे पन्ना जिला अस्पताल ले जाने को कहा। परिजनों के अनुसार, पन्ना ले जाते समय रास्ते में युवती की मौत हो गई। पन्ना जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की घटना के बाद ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र के बाहर एकत्र हुए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर नाराजगी जताते हुए मामले में जिम्मेदार डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी जताई और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाकर चक्काजाम समाप्त कराने के प्रयास किए गए। पन्ना में पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
