मंदसौर में 19 मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वाहिद उर्फ भय्यू लाला (42) की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी उसकी पत्नी रुखसाना अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। इस मामले में गिरफ्तार दो सहयोगियों सलमान और बबलू को दो दिन की रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया है। पत्नी ने ही की हत्या: एडिशनल एसपी एडिशनल एसपी हेमलता कुरील ने गुरुवार को खुलासा किया था कि भय्यू की हत्या उसकी पत्नी रुखसाना ने की है। खुलासे के बाद भी पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हत्याकांड में सहयोग करने के आरोप में बबलू पठान (रुखसाना का भाई) और मौसी का बेटा सलमान गिरफ्तार किए गए थे। दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। शनिवार को रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने दोनों से हत्या की पूरी घटना, भय्यू की गतिविधियों और फरार रुखसाना के संभावित ठिकानों के बारे में पूछताछ की। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी एसआईटी की टीमें रुखसाना की तलाश में सुरजनी, बेलारी, चाचूर्णी और घाटाखेड़ी सहित कई गांवों में दबिश दे चुकी हैं। रविवार को भी पूरे दिन छापेमारी चलती रही, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। एडिशनल एसपी हेमलता कुरील ने कहा है कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही रुखसाना को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विवाद के दौरान पीछे से मारी गोली एसआईटी प्रमुख हेमलता कुरील के अनुसार, पुलिस दबिश के बाद घर में विवाद हुआ था। इसी दौरान रुखसाना ने भय्यू को सिर के पीछे से गोली मार दी। घटना के समय बबलू और सलमान भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने साक्ष्य मिटाने में मदद की। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। रुखसाना की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह साफ हो सकेगी। श्मशान के पास नाले से मिली पिस्टल जांच के दौरान पता चला कि हत्या में इस्तेमाल 0.32 बोर की पिस्टल सलमान ने छिपा दी थी। उसने पिस्टल को ग्राम तितरोद के श्मशान घाट के पास नाले के किनारे छिपाया था। पुलिस ने पिस्टल बरामद कर ली है। इसके अलावा खून के निशान मिटाने में इस्तेमाल कपड़े भी जब्त किए गए हैं। कुछ दिन पहले घर से मिली एक अन्य पिस्टल की भी जांच की जा रही है। पहले पुलिस पर लगाए थे आरोप 18 फरवरी को घटना वाले दिन रुखसाना ने रोते हुए पुलिस पर ही अपने पति की हत्या का आरोप लगाया था। उस समय परिजनों ने भी पुलिस पर मारपीट और पैसों की मांग के आरोप लगाए थे। एसडीओपी दिनेश प्रजापति और टीआई कमलेश प्रजापति समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर सवाल उठाए गए थे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले ने नया मोड़ लिया और एसआईटी जांच में पत्नी की संलिप्तता सामने आई। सूत्रों के मुताबिक, मामले के खुलासे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… हिस्ट्रीशीटर भय्यू लाला को पत्नी ने मारी थी गोली मंदसौर के सीतामऊ थाना क्षेत्र के सुरजनी गांव में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वाहिद उर्फ भय्यू लाला की हत्या उसकी पत्नी रुखसाना ने ही की थी। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस ने साक्ष्य से छेड़छाड़ के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी पत्नी फिलहाल फरार है। पूरी खबर पढ़ें…
