रायसेन के रातापानी टाइगर रिजर्व में आने वाली दाहोद रेंज में सोमवार को करीब 5 से 6 साल की बाघिन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसडीओ राजकुमार शिवहरे, वन विभाग के चिकित्सक अमित ओड और चिकित्सकों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद डीएफओ हेमंत रैकवार भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर जुटाए साक्ष्य वन अधिकारियों ने बाघिन के शव की स्थिति और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए और मौत के कारणों की पड़ताल शुरू की। करंट लगने की प्रारंभिक आशंका वन विभाग के अनुसार शुरुआती जांच में बाघिन की मौत करंट लगने से होने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह एसडीओ राजकुमार शिवहरे ने बताया कि बाघिन के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत के कारणों को लेकर पुख्ता जानकारी सामने आ सकेगी। वन विभाग की टीम मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
