Homeमध्यप्रदेशCM बोले- राहुल गांधी से कुनबा नहीं संभल रहा:भोपाल में कहा- अपने...

CM बोले- राहुल गांधी से कुनबा नहीं संभल रहा:भोपाल में कहा- अपने साथियों की गिरेबान में हाथ डालते वे उनकी गर्दन दबाने में लगे

मध्यप्रदेश में SIR को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से अपना कुनबा नहीं संभल रहा है। वे अपने साथियों की गिरेबान में हाथ डालते-डालते उनकी गर्दन दबाने में लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अखिलेश यादव के बीच बढ़ती राजनीतिक दूरी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपना गठबंधन और संगठन संभालना चाहिए। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने SIR को लेकर कांग्रेस पर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर बार-बार आरोप लगाने और जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। मोहन यादव बोले- कांग्रेस अपना कुनबा नहीं संभाल पा रही मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजनीति में एक तरफ NDA है और दूसरी तरफ UPA। उन्होंने कांग्रेस के सहयोगी दलों के साथ उसके संबंधों पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “अखिलेश रायबरेली जा रहे हैं तो आप कह रहे हो कि मैं सैफई में भी आ सकता हूं।” मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का अपना कुनबा ही नहीं संभल रहा। वह अपने साथ खड़े लोगों की गिरेबान में हाथ डालते-डालते उनकी गर्दन दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर दूसरे राजनीतिक दलों में गए नेताओं का भी जिक्र किया। SIR के आरोपों पर बोले- ‘नाच न जाने, आंगन टेढ़ा’ SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मोहन यादव ने कहा कि “नाच न जाने, आंगन टेढ़ा” वाली स्थिति कांग्रेस की है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और दुनिया का सबसे युवा देश है। ऐसे में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी है कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसद की मर्यादा का ध्यान रखें। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के पुराने राजनीतिक बयानों का जिक्र करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट और ‘चौकीदार चोर’ जैसे मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयानों के लिए पहले भी माफी मांगनी पड़ी है। राहुल गांधी से माफी की मांग मोहन यादव ने कहा कि चुनाव आयोग SIR को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है। फॉर्म-6 के डिक्लेरेशन और SIR के निर्णय को लेकर भी आयोग ने स्पष्टीकरण दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के आधिकारिक निर्णय पर बार-बार सवाल उठाना उचित नहीं है। खंडेलवाल बोले- कांग्रेस जनता में भ्रम फैला रही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस SIR को लेकर चुनाव आयोग पर बार-बार आरोप लगाकर जनता में भ्रम और अविश्वास पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को तीनों चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से SIR के निर्णय को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी। खंडेलवाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंतरिक विचार-विमर्श सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे आधार बनाकर राजनीतिक आरोप लगाना गलत है। फॉर्म-6 के डिक्लेरेशन पर भी उठे सवाल खंडेलवाल ने फॉर्म-6 से जुड़े डिक्लेरेशन पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इसमें कोई मनमाना बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग को विशेष पुनरीक्षण कराने का अधिकार है। खंडेलवाल ने कहा कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया में भी कानूनी सुरक्षा मौजूद है। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी को अपने राजनीतिक प्रदर्शन और नेतृत्व पर विचार करना चाहिए। ‘जहां कांग्रेस जीतती है, वहां सब ठीक हो जाता है’ मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता मिली तो चुनाव प्रक्रिया को लेकर ऐसे सवाल नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस लगातार सत्ता से बाहर है, वहां पार्टी को यह विचार करना चाहिए कि जनता उससे दूर क्यों हो रही है। मोहन यादव ने कहा कि बिना सत्ता के रहना कांग्रेस का स्वभाव नहीं है, लेकिन जनता कांग्रेस की राजनीति को नजदीक से देख रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपनी कमियों पर विचार करने की बात कही। राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग मोहन यादव ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अपने नेतृत्व से सवाल करना चाहिए। अगर कांग्रेस का कुनबा लगातार बिखर रहा है और नेता उससे दूर जा रहे हैं तो पार्टी को इसकी वजह अपने भीतर तलाशनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अपने ‘राजकुमार’ को समझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए विपक्ष के नेता से भी जिम्मेदार और मर्यादित आचरण की अपेक्षा रहती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया भी मौजूद रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here