कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में गर्भपात किट बरामद हुई हैं। टीम ने मौके से ‘सेफ टी किट’ के 9,360 पैक जब्त किए हैं। इनकी बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। औषधि विभाग को गोदाम में बड़ी मात्रा में गर्भपात किट रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने लसूड़िया मोरी क्षेत्र स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम को बड़ी संख्या में ‘सेफ टी किट’ के पैक मिले। अधिकारियों ने किट को जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। गोदाम से मिले 9,360 पैक कार्रवाई के दौरान गोदाम से ‘सेफ टी किट’ के कुल 9,360 पैक मिले। इतनी बड़ी मात्रा में किट मिलने के बाद औषधि विभाग की टीम ने इनके दस्तावेज और स्टॉक से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में किट का स्टॉक गोदाम में किस उद्देश्य से रखा गया था और इसकी आपूर्ति कहां-कहां की जानी थी। धार कोठी के गोदाम की कार्रवाई से मिला सुराग औषधि विभाग की इस कार्रवाई का कनेक्शन इससे पहले धार कोठी क्षेत्र में की गई कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। धार कोठी स्थित गोदाम में की गई जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर विभाग की टीम लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम तक पहुंची। इसके बाद टीम ने यहां जांच और छापे की कार्रवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में गर्भपात किट बरामद हुईं। दस्तावेजों और स्टॉक की जांच जारी फिलहाल औषधि विभाग की टीम जब्त की गई किट और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किट का स्टॉक कहां से आया था और इसकी आगे आपूर्ति कहां की जानी थी। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
