देवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष कहते हैं कि बहनों को पैसा मत दो, वे दारू पी जाती हैं। कांग्रेस को अपने अंदर झांककर देखना चाहिए। सीएम ने आगे कहा कि राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर अभी ‘झूठ की गूंज’ हुई है। उन्होंने कहा कि उनके (कांग्रेस) के समय में स्कूलों में 16 प्रतिशत बच्चे पढ़ाई छोड़ देते थे। प्राइमरी के बच्चे स्कूल नहीं जाते थे। अभी यह आंकड़ा जीरो प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय स्कूल शिक्षा पर 2,200 करोड़ रुपए का बजट होता था। इस साल शिक्षा विभाग के लिए 38 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है। सीएम ने कहा, ‘यह दूध का दूध, पानी का पानी है।’ सीएम बोले- कांग्रेस चाहती है, लाड़ली योजना बंद हो सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि तुम्हारे अध्यक्ष तो कहते हैं। बहनों को पैसा मत दो। ये दारू पी जाती हैं। शराब पी जाती हैं। शर्म आना चाहिए। बहनें याद रखना, एक-एक करके जो बोलते जाएं। जिस दिन चुनाव आएगा, हिसाब चुकता करना। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को राशि दी जा रही है तो कांग्रेस के नेता हाईकोर्ट में पिटिशन लगा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि लाड़ली योजना बंद कर दो। सीएम ने कहा कि तुमने तो एक कौड़ी दी नहीं। लेकिन हम दे रहे हैं तो तुम्हारी छाती क्यों जल रही है। तुम्हारी छाती पर क्यों सांप लौट रहा है। विधायक का नाम भूले सीएम मंच से विधायकों के नाम के संबोधन के दौरान सीएम विधायक का नाम भूल गए। मंच से नाम लेकर वे विधायकों का नाम लेकर संबोधन कर रहे थे, इस दौरान बागली विधायक मूरली भंवरा का नाम उन्होंने गलत बोल दिया। उन्होंने मूरली भंवरा की जगह बागली विधायक काल भंवरा जी कहा दिया। इस दौरान कुर्सी ने सही नाम कहा तो मंच से तुंरत सीएम ने कहा मूरली भंवरा जी। इसके बाद उन्हें गलत नाम बोले जाने का अहसास हुआ तो कहा कि मूरली भाई हमारे इलाके प्राचार्य भी रहे हैं। मैं वहां उन्हें मजाक में कहता था कि यह काल गणना की नगरी है। तो ये हमारे काल भंवरा, इसलिए महाकाल भंवरा। देवास के पुंजापुरा में ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास जिले के बागली विकासखंड के ग्राम पुंजापुरा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने वहां ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुना। पीएम मोदी ने यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स से अलग-अलग जगहों से वर्चुअली संवाद किया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया है। इसके तहत वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा निकाली जा रही है। सीएम ने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ के माध्यम से नई पीढ़ी को जिम्मेदार और जागरूक बनाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा करीब 35 हजार किलोमीटर की होगी, जिसमें करीब 18 हजार किलोमीटर मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगी। 21 साल बाद फिर शुरू होंगी सड़क परिवहन निगम की बसें मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने बताया कि 21 साल पहले मध्य प्रदेश में सड़क परिवहन निगम की बसें बंद हुई थीं। अब फिर बसें शुरू होने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बनी हैं। कनेक्टिविटी बढ़ रही है। सड़क परिवहन निगम की बसें नगरीय निकायों के स्तर पर, राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों तक चलाई जाएंगी।
