सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच नगर निगम ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर दी। लाल पुल क्षेत्र में सिंहस्थ की भूमि पर बिना अनुमति बनाए जा रहे माधवानंद आश्रम में 10 हजार वर्गफीट में बन रही दो मंजिला बिल्डिंग को दो पोकलेन और चार जेसीबी की मदद से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। सिंहस्थ क्षेत्र की आरक्षित भूमि पर माधवानंद आश्रम की ओर से बिना अनुमति दो मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने को लेकर न्यायालय के आदेश भी हैं। इसी के तहत निगम ने यह कार्रवाई की। निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि महापर्व की व्यवस्थाओं और बुनियादी ढांचे के लिए आरक्षित है। यहां बिना अनुमति स्थायी या अस्थायी निर्माण और भूमि का अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक रोड 15 मीटर होगी : नगर निगम अब खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा करेगा। इस काम पर 9.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कुल 272 भवन प्रभावित होंगे।
