मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। खड़ाऊ का विरोध, गुस्सा हुए धीरेंद्र शास्त्री
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सुनहरे रंग की खड़ाऊ इन दिनों खूब चर्चा में है। इसे लेकर जब वे सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए तो उन्होंने ट्रोलर्स को तगड़ा जवाब दिया। कथा के मंच से उन्होंने कहा कि अब अगर किसी ने उनकी सोने की खड़ाऊ का विरोध किया तो वे सीधे डायमंड की खड़ाऊ बुक कर देंगे। डायमंड की खड़ाऊ पहनेंगे और जलने वालों को जलाएंगे। दरअसल, हाल ही में पंडित धीरेंद्र शास्त्री अंबानी के गणेश उत्सव में शामिल हुए थे। इस दौरान उनकी खड़ाऊ ने सबका ध्यान खींचा। ये खड़ाऊ सुनहरे रंग की थी। इसे लेकर कई लोगों ने इसे सोने की बताया और पंडित धीरेंद्र शास्त्री के इसे पहनने पर सवाल उठाए। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि ये खड़ाऊ लकड़ी की थी, जो गोल्डन कलर की थी। इसके बावजूद खड़ाऊ को लेकर हुई ट्रोलिंग पर उन्होंने विरोधियों को अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा- तुमने गलत आदमी से पंगा ले लिया है। सोचा कि ये डर जाएगा, खड़ाऊ नहीं पहनेगा। लेकिन हम ऐसे-वैसे बाबा नहीं हैं और माया-मोह छोड़ने वाले नहीं हैं। अब पंडित धीरेंद्र शास्त्री का व्यंग्यात्मक अंदाज में दिया ये जवाब चर्चा में है। जब पाइप में घुस गए ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग अंदाज इन दिनों चर्चा में है। एक जल परियोजना के निरीक्षण के दौरान सिंधिया एक बड़े से पाइप के अंदर घुस गए और उसकी क्वालिटी खुद जांचने लगे। सिंधिया को पाइप के अंदर देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दरअसल, सिंधिया मुरैना में एक जल परियोजना के ग्राउंड जीरो पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने परियोजना से जुड़े कामों का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर जाकर निर्माण की गुणवत्ता जांची-परखी। इसी दौरान सिंधिया पाइप के अंदर घुस गए। निरीक्षण के दौरान जब सिंधिया को पसीना आया और उनका तिलक बहकर चेहरे पर आ गया तो मंत्री तुलसी सिलावट ने उसे पोछने के लिए सिंधिया को गमछा देना चाहा। इस पर सिंधिया ने कहा कि मेहनत, मशक्कत, पसीना और टीका सब दिखना चाहिए। अब सिंधिया के इस अंदाज पर चटकारे भी लिए जा रहे हैं। कहने वाले कह रहे हैं कि महाराज पूरी तरह जमीन पर उतर गए हैं। टीआई को स्कूटर पर बैठाकर ले गए सांसद
छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू का एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें सांसद अपने स्कूटर पर टीआई साहब को पीछे बैठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं। पहली नजर में तो ऐसा लगता है जैसे दोनों सैर-सपाटे पर निकले हों। लेकिन मामला कुछ और है। दरअसल, छिंदवाड़ा के एक वार्ड की महिलाओं ने भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू से मुलाकात कर अपनी कुछ समस्याएं बताईं। महिलाओं की समस्याएं सुनने के बाद सांसद सीधे संबंधित थाने के टीआई के पास पहुंचे। फिर उन्हें अपने स्कूटर पर बैठाकर शिकायत करने वाली महिलाओं के सामने पेश कर दिया। यहां महिलाओं ने टीआई को अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर टीआई ने उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिया। खास बात यह है कि जिस दिन सांसद टीआई को अपने साथ लेकर आए, उसी दिन टीआई का जन्मदिन भी था। इसके बाद टीआई से पौधा लगवाकर उनका जन्मदिन भी मनाया गया। अब इस वीडियो को लेकर लोग तंज भी कस रहे हैं। कहा जा रहा है कि नेता जी के इस पब्लिसिटी स्टंट की अच्छी-खासी रील बन गई। साथ ही पुलिस की सजगता पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि अगर पुलिस इतनी ही सजग रहती, तो टीआई को इस तरह सांसद के स्कूटर पर बैठकर आने की नौबत ही क्यों आती? और अब अंदर की बात..
महिला अफसर को कुछ यूं समझाना पड़ा
मध्य प्रदेश के एक बड़े नगर निगम में एक महिला आईएएस पदस्थ हैं। उन्हें फिलहाल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी दी गई है। इसे लेकर जब उन्हें मंत्रालय से कोई निर्देश मिलते हैं, तो वे मंत्रालय पहुंच जाती हैं और वहां से मिले निर्देशों में ही खामियां निकालने लगती हैं। अब इस महिला अधिकारी की इस आदत से परेशान एक सीनियर आईएएस अफसर ने उनसे कह दिया कि क्यों न स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट ही बंद कर दिया जाए। इसे लेकर कैबिनेट के लिए एक प्रस्ताव तैयार कर लेते हैं। उन्होंने महिला अधिकारी से कहा कि आपको जो भी कमियां-खामियां नजर आ रही हैं, उनकी लिस्ट बना लीजिए और हमें दे दीजिए, ताकि इसे कैबिनेट में रखा जा सके। जब सीनियर अधिकारी ने व्यंग्यात्मक लहजे में महिला अधिकारी से ये सब बातें कहीं, तो इसके बाद से ये महिला अधिकारी मंत्रालय में नजर ही नहीं आईं। सुना तो ये भी है कि ये महिला अधिकारी अब अपना ट्रांसफर कराने की कोशिश में लगी हैं। इनपुट सहयोग – गौरव मिश्रा (खजुराहो), दुष्यंत सिकरवार (मुरैना) ये भी पढ़ें –
पुजारी ने भाजपा विधायक के वादे की पोल खोली: सांसद बुलाते रहे, मंच पर नहीं गईं पूर्व मंत्री मंदिर के पुजारी ने भाजपा विधायक के सामने उनके ही वादे की पोल खोल दी। उन्हें खरी-खोटी भी सुना दी। मामला देवास के सोनकच्छ का है। पुजारी ने विधायक को सड़क बनवाने का वादा याद दिलाया और कहा कि पिछली बार आप आए थे तो कहा था कि अगली बार डामर रोड से ही आऊंगा। लेकिन अब तक रोड बनी नहीं है। पूरी खबर पढ़ें
