खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को भोपाल के बैरागढ़ में रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कॉर्नर पर कार्रवाई की। यहां बिना फूड लाइसेंस के कारोबार किया जा रहा था। इस पर संचालकों को नोटिस दिए गए। रात में टीम बाग सेवनिया पहुंची और कई प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां स्विगी इंस्टमार्ट में छापा मारा। खरीदी बिल नहीं मिलने पर बिक्री पर रोक लगा दी गई। निरीक्षण के दौरान मिनी मार्केट रोड स्थित राधा फास्ट फूड में खाद्य पंजीयन की अवधि समाप्त पाई गई। इस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बिना वैध पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित करने का प्रकरण बनाया गया। साथ ही संचालक को तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान में खाद्य निर्माण में प्रयुक्त सॉस एवं मैदा के नमूने भी जांच हेतु लिए गए। इसी तरह नैना चाट भंडार से तैयार खाद्य पदार्थ समोसा एवं बेसन के नमूने लिए गए। वहीं नीलम चाट भंडार, बैरागढ़ से आलू बड़े एवं सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। यहां भी कार्रवाई की
इधर, सीएम हेल्पलाइन में हुई शिकायतों के बाद टीम ने विभिन्न रेस्टोरेंट, ढाबों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच की। अयोध्या बायपास स्थित टनाटन ढाबा पर खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता की जांच की गई। यहां से बेसन के नमूने लिए। कोलार रोड स्थित सर्वधर्म कॉलोनी में त्रिवेणी आटा चक्की से आटे के नमूने लिए गए। काला पानी स्थित देशी ढाबा पर चिकन के सैंपल लिए गए। डिलीसिस रेस्टोरेंट पर निरीक्षण के दौरान खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। यहां से आलू, पनीर, आलू पेटीज एवं फुलकी के सैंपल लिए गए।
