देवास में बागली-चापड़ा मार्ग पर रविवार शाम एक युवती 150 फीट से ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने नीचे आने से इनकार करते हुए कहा कि उसने लव मैरिज की है, लेकिन परिवार उसे पति के साथ नहीं रहने दे रहा। उसने धमकी दी कि अगर उसे पति के साथ नहीं रहने दिया गया तो वह टावर से कूद जाएगी। टावर पर करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान युवती ने अपनी परेशानी लिखी हुई 7 से 8 चिट्ठियां नीचे फेंकीं। इनमें उसने लिखा कि उसने एक युवक से प्यार किया और उससे कोर्ट मैरिज की है। परिवार वाले इस शादी को नहीं मान रहे हैं और उसे घर से निकाल दिया है। पुलिस ने पति को मौके पर बुलाया युवती ने चिट्ठी में लिखा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने अपने पति का नाम भी लिखा और उसे मौके पर बुलाने की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही बागली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और अन्य लोग युवती को समझाकर नीचे उतारने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने उस युवक को भी मौके पर बुलाया, जिससे युवती ने कोर्ट मैरिज करने का दावा किया था। विधायक ने माइक से समझाया, परिवार भी पहुंचा बागली विधायक मुरली भंवरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने माइक से युवती को समझाया और कहा कि युवक के पिता को भी बुलाया जा रहा है। विधायक ने युवती से धीरे-धीरे नीचे उतरने की अपील की। युवक और उसके परिवार के आने के बाद विधायक की समझाइश पर युवती टावर से नीचे उतर गई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। युवक सेवन्याखुर्द गांव का रहने वाला है और युवती ग्राम डोकाकुई की है।
