शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर 9 सितंबर की दोपहर अंडरग्राउंड पेट्रोल टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में झुलसे 48 वर्षीय क्लीनर महफूज खान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने मृतक की पत्नी और बच्चे के लिए आर्थिक सहायता देने के साथ ही हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोल पहाड़िया निवासी महफूज खान पिता महबूब खान 9 सितंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे पेट्रोल पंप पर टैंकर से अंडरग्राउंड टैंक में पेट्रोल खाली (शिफ्टिंग) करा रहे थे। इसी दौरान अचानक भड़की आग की चपेट में आने से महफूज लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पेट्रोल पंप स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाई और गंभीर अवस्था में उन्हें जयारोग्य अस्पताल (JAH) के बर्न यूनिट में भर्ती कराया। बाद में हालत में कोई सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। वैक्यूम और चिंगारी बनी हादसे की वजह हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. कोक सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने और CCTV फुटेज को बार-बार खंगालने के बाद हादसे का कारण स्पष्ट किया। जांच रिपोर्ट के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद होगी सख्त कानूनी कार्रवाई मामले की जानकारी देते हुए इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने बताया बीते दिनों शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर आग लगने की घटना में क्लीनर महफूज खान गंभीर रूप से झुलस गए थे। जिनका निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
