प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार शाम शिवपुरी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में 3 लाख 66 हजार 100 दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरा किया गया। जिला मुख्यालय के सिद्धेश्वर मंदिर समेत नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों और अन्य खास जगहों पर लोगों ने दीप जलाए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। सिद्धेश्वर मंदिर में जिला स्तर का कार्यक्रम हुआ। इसके अलावा मगरौनी के पूरनदास जी बगिया, नरवर का छोटा तालाब, पोहरी का भुजरिया तालाब, बैराड़ तालाब, बदरवास का राधारानी मंदिर, कोलारस का अंबेडकर पार्क, रन्नौद का सीता सागर, खनियाधाना का हजारेश्वर मंदिर, पिछोर का टेकरी सरकार मंदिर और करैरा का मंगल पांडेय स्मारक में भी दीप जलाए गए। देखें तस्वीरें… 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा-संकल्प अभियान-2026 की शुरुआत हुई। अभियान में सेवा, स्वच्छता और सामाजिक भागीदारी से जुड़ी गतिविधियां होंगी। अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर भी दीप जलाए गए। जिला अस्पताल समेत 4 जगह रक्तदान शिविर अभियान की शुरुआत के मौके पर दिन में जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, पिछोर और करैरा में रक्तदान शिविर लगाए गए। जिला अस्पताल में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने रक्तदान किया और लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। शिविरों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सीआरपीएफ और आईटीबीपी के जवानों, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, युवाओं और आम नागरिकों ने रक्तदान किया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों, इंटर्न्स, विद्यार्थियों और वॉलंटियर्स ने भी रक्तदान किया। पिछोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक प्रीतम लोधी ने रक्तदान किया। करैरा में विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। दोनों ने युवाओं और आम लोगों से रक्तदान में हिस्सा लेने की अपील की।
