कलेक्ट्रेट भवन स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में मंगलवार दोपहर गैरहाजिरी लगाने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। खेरीखता कन्या छात्रावास के अधीक्षक वीरेंद्र विमल और विभाग में अटैच शिक्षक मंगल सिंह शर्मा के बीच कहासुनी के बाद विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान दिव्यांग अधीक्षक वीरेंद्र विमल ने अपनी बैसाखी से मंगल सिंह पर हमला कर दिया। मंगल सिंह को मामूली चोट आई। कार्यालय में करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा और इस दौरान कोई सुरक्षाकर्मी तक वहां नहीं पहुंचा। अधीक्षक वीरेंद्र विमल अपना तिपहिया वाहन लेकर ही कार्यालय के अंदर घुस गए थे। उन पर नशे में होने के आरोप भी शिक्षक ने लगाए।
