मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। इन्फ्लुएंसर की भाजपा सांसद को खुली चेतावनी
सीधी में सड़क की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू ने भाजपा सांसद राजेश मिश्रा को अनोखे अंदाज में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर इस साल सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो उनकी सांसदी चली जाएगी। लीला साहू ने सांसद का नाम लेकर कहा कि एक नारी लंका का विनाश कर सकती है, रावण का विनाश कर सकती है। तुम तो एक सांसद हो, तुम्हारा साम्राज्य खत्म हो जाएगा। दरअसल, लीला साहू के गांव में सड़क की हालत बेहद खराब है। पूरी सड़क कीचड़ से सनी हुई है। हालात ये हैं कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना भी मुश्किल है। सड़क की इसी बदहाली को लेकर लीला साहू ने धरना प्रदर्शन शुरू किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वैसे सड़क को लेकर सांसद से लीला साहू की ये अदावत नई नहीं है। लीला ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह गर्भवती थीं, तब उनका अपमान किया गया था। उनके मुताबिक, उस दौरान सांसद ने कहा था कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें हेलिकॉप्टर से उठा लेंगे। लीला ने सवाल उठाया कि अब जब गांव की गर्भवती महिलाओं को मदद की जरूरत पड़ी तो सांसद का हेलिकॉप्टर क्यों नहीं आया। अब खरी बात ये है कि सड़क निर्माण के लिए लीला ने सड़क पर उतरकर लड़ाई शुरू कर दी है। लेकिन सरकारी ‘सिस्टम की लीला’ ऐसी है कि सड़क पर काम कब शुरू होगा, इसका जवाब फिलहाल न सांसद के पास है और न ही सरकार के पास। राहुल गांधी पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का तंज
इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को आखिरकार अनुमति मिल ही गई है। इस कार्यक्रम में युवाओं को लुभाने के लिए रैपर्स और सिंगर्स को भी बुलाया गया है। इसे लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर तंज किया है। जब विजयवर्गीय से राहुल गांधी के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए किए गए इन इंतजामों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘जबरदस्ती बुला रहे हैं, राहुल गांधी जी पर्याप्त हैं इसके लिए।’ इतना कहते ही विजयवर्गीय और प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोग जमकर हंस पड़े। अब विजयवर्गीय का ये बयान राहुल गांधी पर तंज है या फिर तारीफ, ये आप खुद समझ सकते हैं। वैसे, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं। उन्हें तरह-तरह के नाम दिए जा रहे हैं। साथ ही कई तरह की नसीहतें भी मिल रही हैं। कलेक्टर नहीं आए तो कुत्ते को सौंप दिया ज्ञापन
किसानों को अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देना था। कलेक्टर साहब नहीं आए तो किसानों ने कुत्ते को ही साहब बना लिया। मामला खंडवा का है, जहां किसान अपनी मांगों को लेकर रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए इंतजार किया, लेकिन कलेक्ट्रेट में मौजूद होने के बावजूद कलेक्टर उनसे मिलने नहीं आए। इसके बाद किसानों ने कुत्ते के गले में ही ज्ञापन बांध दिया। इस दौरान भारतीय किसान-मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार कक्काजी ने कलेक्टर को लेकर कहा- देखते हैं तुममें कितनी अकड़ है, ऐसी अकड़ हमने बहुत निकाली है कलेक्टरों की। इनकी भी मैं अकड़ निकाल दूंगा। अब मामला सिर्फ खंडवा तक सीमित नहीं है। रतलाम में भी किसान कलेक्टर का इंतजार करते रहे, लेकिन यहां भी कलेक्टर किसानों से मिलने नहीं पहुंचे। इसके बाद किसानों ने कलेक्ट्रेट में ही हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। और अब अंदर की बात..
विभाग में वापसी के लिए IAS का बिहार कनेक्शन
एमपी के एक आईएएस अफसर ऊर्जा विभाग में वापसी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसके लिए दिल्ली में भी फिल्डिंग जमाई जा रही है। दरअसल, अफसर ने अपनी वापसी के लिए बिहार कनेक्शन को भुनाया है। सुना है कि अफसर का ससुराल बिहार में है। अब चर्चा है कि इसी कनेक्शन के जरिए वापसी की राह आसान होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि अफसर का ये बिहार कनेक्शन कितना काम आता है और सरकार इसे कितनी तवज्जो देती है। इनपुट सहयोग – ये भी पढ़ें –
राहुल के ‘छात्रों की गूंज’ से पहले गूंजे सियासी बयान: उमा भारती ने सीएम से नहीं पूछने दिए सवाल कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बहाने युवाओं को साधने इंदौर आ रहे हैं। लेकिन भाजपा नेता उन्हें युवा मानने को तैयार ही नहीं हैं। पूर्व सीएम उमा भारती ने तो राहुल गांधी को ‘बुड्ढा’ और ‘डोकरा’ कह दिया। वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें ‘नाराज फूफा’ की उपाधि दे दी। पूरी खबर पढ़ें
