मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। राहुल गांधी के शो पर राजनीति, मिले नए-नए नाम
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बहाने युवाओं को साधने इंदौर आ रहे हैं। लेकिन भाजपा नेता उन्हें युवा मानने को तैयार ही नहीं हैं। पूर्व सीएम उमा भारती ने तो राहुल गांधी को ‘बुड्ढा’ और ‘डोकरा’ कह दिया। वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें ‘नाराज फूफा’ की उपाधि दे दी। उमा भारती ने नेपाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां युवाओं ने तख्तापलट कर दिया, लेकिन प्रधानमंत्री 76 साल की सुशीला को बनाया था। इसी तरह भारत में युवा नरेंद्र मोदी को ही अपना नेता मानेंगे, राहुल गांधी को नहीं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी तो खुद ही बुड्ढे हो गए हैं। उनकी उम्र 50 साल से ज्यादा हो गई है। वे डोकरा हो गए हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि नाराज फूफाओं का क्या कहना। वे तो कहीं भी नाराज होने का कारण ढूंढ लेते हैं। इधर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक नेता ‘झूठ की गूंज’ लेकर आ रहे हैं। उनकी माता, पिता, नाना और पूरे खानदान ने कभी देश का भला नहीं किया। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। सीएम ने तो यहां तक कहा- ‘भाई है कि मानता ही नहीं, भाई का नाम ही पप्पू है। अब पप्पू है तो पप्पू जैसा काम करेगा।’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राहुल गांधी के कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक बता रहे हैं। लेकिन खरी बात ये है कि राहुल गांधी खुद एक राजनीतिक शख्सियत हैं। ऐसे में उन पर राजनीति तो होगी ही। और यही वजह है कि सत्ताधारी भाजपा के नेता राहुल गांधी को तरह-तरह की उपमाएं दे रहे हैं और उन्हें तरह-तरह की नसीहतें भी मिल रही हैं। अब सवाल यही है कि राहुल गांधी इन तंजों का जवाब देंगे या वाकई उनका इंदौर दौरा गैर-राजनीतिक ही रहेगा। उमा भारती से मिलने उनके घर पहुंचे मोहन यादव
सीएम डॉ. मोहन यादव पूर्व सीएम उमा भारती से मिलने उनके घर पहुंचे तो उमा भारती ने उन्हें मीडिया से बात ही नहीं करने दी। उन्होंने साफ कह दिया- ‘ये मेरा घर है। यहां मोहन जी से कोई प्रश्न-उत्तर नहीं होंगे। मुझसे बात करो।’ दरअसल, मीडिया ने अपने माइक सीएम डॉ. मोहन यादव के सामने कर दिए थे। तभी उमा भारती ने उन्हें रोकते हुए माइक अपनी ओर मोड़वा लिए। इस दौरान सीएम मुस्कुराते रहे। बता दें कि डॉ. मोहन यादव और पूर्व सीएम उमा भारती के बीच करीब 40 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत भी हुई। हालांकि, मुलाकात में क्या बात हुई, इस पर उमा भारती ने कुछ नहीं बताया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि यह शुद्ध रूप से भाई-बहन की मुलाकात है। पूर्व सीएम ने यह भी बताया कि वे खुद सीएम डॉ. मोहन यादव से मिलने जाने वाली थीं। लेकिन मोहन यादव ने कहा कि वे खुद ही उनसे मिलने आएंगे। बत्ती गुल, मोबाइल टॉर्च में पढ़ा लंबा-चौड़ा कागज
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर भाजपा 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक, यानी पूरे एक महीने ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस दौरान भाजपा कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी नेता जगह-जगह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दे रहे हैं। खंडवा में भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देने पहुंचे। सांसद जी पार्टी की ओर से दिए गए लंबे-चौड़े कागज को पढ़ ही रहे थे कि अचानक बत्ती गुल हो गई। फिर क्या था, मोबाइल की टॉर्च जलाई गई और उसी की रोशनी में सांसद जी को कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को पढ़कर बतानी पड़ी। अब यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ‘सेवा संकल्प अभियान’ से ज्यादा बत्ती गुल होने को लेकर चर्चा में है। लोग चुटकी लेते हुए इसे सांसद जी की फजीहत बता रहे हैं। और अब अंदर की बात.. बड़े जिले की चाहत… इसलिए शिशु मंदिरों की परिक्रमा!
भोपाल संभाग के एक जिले के कलेक्टर इन दिनों सरकारी कामकाज से इतर एक खास ‘नेटवर्किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। जिले में संचालित सरस्वती शिशु मंदिरों की गतिविधियों में उनकी दिलचस्पी अचानक बढ़ी है। स्कूल में कोई परेशानी हो तो बात कलेक्टर साहब तक पहुंचती है और उसे दूर कराने में भी उनकी सक्रियता नजर आती है। चर्चा तो यहां तक है कि शिशु मंदिरों के लिए बड़े कारोबारियों और धनाढ्य लोगों से दान जुटाने में भी कलेक्टर की भूमिका रहती है। इन स्कूलों के कायाकल्प और सुविधाएं बढ़ाने के काम में भी उनकी खास रुचि बताई जा रही है। अब सवाल यह है कि कलेक्टर साहब की इस ‘सेवा भावना’ के पीछे वजह क्या है? अंदरखाने चर्चा है कि उनकी नजर प्रदेश के किसी बड़े जिले की फील्ड पोस्टिंग पर है। ऐसे में माना जा रहा है कि इसके लिए संघ के अनुषांगिक संगठन को साधने में वे कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), सावन राजपूत (खंडवा) ये भी पढ़ें –
जीतू पटवारी ने लगाई ‘मोदी-मोदी’ रट: शिवराज बोले- मोदी भगवान का वरदान भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोदी-मोदी की रट लगा दी। जिस अंदाज में उन्होंने मोदी-मोदी के नारे लगाए, उसकी जमकर चर्चा हो रही है। इसी कार्यक्रम में उन्होंने इसी अंदाज में राहुल गांधी के लिए भी नारे लगवाए। पूरी खबर पढ़ें
