मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में मां इच्छादेवी मंदिर में शनिवार रात करीब डेढ़ बजे तीन बदमाश घुसे। रॉड से ताला तोड़कर दो अंदर गए, जबकि तीसरा बाहर निगरानी करता रहा। बदमाश माता का मुकुट और छत्र चोरी कर ले गए। वारदात इच्छापुर में हुई है। CCTV में एक बदमाश चोरी से पहले माता के पैर छूता नजर आया। मंदिर की दान पेटी शनिवार शाम ही खाली कर दी गई थी। सोने का मंगलसूत्र और नाक की लौंग सुरक्षित हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी से जुड़ी तस्वीरें भी देखिए… एक के हाथ में चाकू और दूसरे के पास रॉड थी पुलिस के मुताबिक, तीनों बदमाश रात करीब 1:30 बजे मंदिर पहुंचे थे। तीनों ने काले कपड़े पहन रखे थे और ऊपर से सफेद जैकेट पहनी हुई थी। पुलिस को CCTV फुटेज में उनके हाथों के फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं, जिससे माना जा रहा है कि उन्होंने दस्ताने पहन रखे थे। एक बदमाश के हाथ में चाकू और दूसरे के पास रॉड थी, जबकि तीसरा आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। बदमाशों ने पहले मंदिर का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद मंदिर के दूसरे छोर पर जाकर एक पेटी पर रॉड से 3-4 वार किए। फिर मुख्य गेट के पास पहुंचकर ताले पर भी 3-4 बार रॉड मारी। ताला टूटने के बाद दो बदमाश अंदर गए, जबकि तीसरा बाहर निगरानी करता रहा। आरोपी के हाथ में कलावा बंधा हुआ था मंदिर के अंदर पहुंचकर बदमाशों ने माता की प्रतिमा के पास से मुकुट और छत्र निकाल लिया। CCTV में एक बदमाश पहले माता के पैर छूता और फिर मुकुट-छत्र निकालता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में कलावा भी बंधा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज के आधार पर उनके आने-जाने के रास्ते और पहचान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दान पेटी पहले ही खाली कर दी गई थी शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने शनिवार शाम ही दान पेटी खाली कर दी थी। उसमें मौजूद रुपए और अन्य सामान सुरक्षित कर दिया गया था। मंदिर की दूसरी कीमती वस्तुएं भी पहले ही सुरक्षित रखी गई थीं। इसी वजह से बदमाश मुकुट और छत्र के अलावा कोई दूसरी कीमती वस्तु चोरी नहीं कर सके। चांदी के नहीं, चांदी की पॉलिश वाले हैं मुकुट-छत्र थाना प्रभारी के अनुसार, चोरी हुए मुकुट और छत्र चांदी के नहीं हैं। इन पर सिर्फ चांदी की पॉलिश है, इसलिए इनकी कीमत बहुत ज्यादा नहीं है। हालांकि मंदिर में चोरी की घटना को पुलिस गंभीरता से ले रही है। माता की प्रतिमा पर मौजूद सोने का मंगलसूत्र और नाक की लौंग भी सुरक्षित हैं। बदमाश इन्हें नहीं ले जा सके। रविवार सुबह पुजारी को पता चली चोरी रविवार सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्हें ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर मुकुट और छत्र गायब थे। इसके बाद मंदिर समिति को सूचना दी गई और शाहपुर पुलिस को बताया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मंदिर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस शाहपुर पुलिस मंदिर के अंदर लगे CCTV फुटेज के साथ आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों बदमाश मंदिर तक किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में गए। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है। CCTV फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
