Homeमध्यप्रदेश17 सितंबर से उत्तर भारत में बीजेपी की 20 यात्राएं:MP के 55...

17 सितंबर से उत्तर भारत में बीजेपी की 20 यात्राएं:MP के 55 जिले होंगे कवर, जानिए…मोदी के बर्थडे से क्या है प्लान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 17 सितंबर से वड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से वड़नगर तक 10-10 यात्राएं निकालने जा रही है। इन यात्राओं के लिए ऐसे रूट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि एक यात्रा का मार्ग दूसरी यात्रा से न टकराए। मध्यप्रदेश से होकर गुजरने वाले अलग-अलग मार्गों के जरिए प्रदेश के सभी 55 जिलों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी स्तर पर इसे उत्तर भारत की सबसे बड़ी यात्राओं में से एक के रूप में तैयार किया जा रहा है। इन यात्राओं में उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा कवर होगा। गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली से होकर ये यात्राएं गुजरेंगी। अलग-अलग नेताओं को दी जिम्मेदारी
अब तक 13 रूट फाइनल किए जा चुके हैं, जबकि बाकी रूट को लेकर मंथन चल रहा है। मध्यप्रदेश में भाजपा ने यात्राओं के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी है। यात्राओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक संपर्क तक सीमित नहीं रहेगा। इनमें स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने, सेवा गतिविधियों और 2047 के संकल्प को भी शामिल किया जाएगा। जानिए यात्रा में क्या-क्या होगा? आम लोगों के सुझाव लेंगे बीजेपी नेता
यात्रा की कार्ययोजना में जनभागीदारी, विकास, सेवा और सांस्कृतिक जुड़ाव को प्रमुखता दी गई है। हर प्रमुख पड़ाव पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, लाभार्थियों और समुदाय के दूसरे वर्गों को गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। सरकारी योजनाओं से जुड़ी व्यावहारिक सहायता और नागरिकों के सुझाव दर्ज करने की भी योजना है। 25 आइकॉन में चुने जाएंगे मेधावी
’25 आइकॉन’ अभियान में हर पड़ाव से किसान, शिक्षक, महिला उद्यमी, युवा या खिलाड़ी जैसे स्थानीय प्रेरक व्यक्ति को चुना जाएगा। इनमें से 25 श्रेष्ठ लोगों की छोटी वीडियो कहानियां तैयार कर नमो ऐप पर दिखाने का प्रस्ताव है। साथ ही ‘चिट्ठी 2047 के नाम’ के जरिए लोगों से पूछा जाएगा कि वे 2047 तक अपने क्षेत्र को किस रूप में देखना चाहते हैं। हर पड़ाव पर ‘मेरे लिए भारत की प्रगति…’ जनवाणी के जरिए नागरिकों की बात रिकॉर्ड की जाएगी। वाराणसी में इन आवाजों को जोड़कर 90 सेकेंड की फिल्म बनाने का प्रस्ताव है। स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और सामग्री निर्माताओं को भी यात्रा से जोड़ा जाएगा। शहीदों की मिट्टी से लेकर चिकित्सा शिविर तक
यात्रा के दौरान जिन क्षेत्रों का संबंध स्वतंत्रता सेनानियों या देश के लिए बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों से है, वहां उनके गांव, स्मारक या समाधि स्थल की मिट्टी कलश में एकत्र करने की योजना है। यह मिट्टी वाराणसी के मुख्य कार्यक्रम में अर्पित की जाएगी। इसके अलावा चयनित पड़ावों पर चिकित्सा शिविर, सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप और शुगर की जांच तथा परामर्श होगा। हर पड़ाव पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन में मदद के लिए योजना पंजीकरण एवं सहायता डेस्क लगाने का भी प्रस्ताव है। 2001 से 2026 तक की विकास यात्रा भी दिखाई जाएगी
यात्रा में बुजुर्गों के अनुभव रिकॉर्ड किए जाएंगे। ‘पहले और अब’ प्रदर्शनी दीवार के जरिए पुरानी और मौजूदा तस्वीरों व दस्तावेजों के माध्यम से सड़क, स्कूल, घर और बिजली जैसी सुविधाओं में आए बदलाव दिखाने की योजना है। वहीं, ‘विकास की यात्रा’ नुक्कड़ नाटक में 2001 से 2026 तक एक परिवार की कहानी के जरिए बिजली, गैस कनेक्शन, आवास और शिक्षा जैसी सुविधाओं में हुए बदलाव को स्थानीय भाषा में प्रस्तुत किया जाएगा। नारी शक्ति सम्मेलन और क्विज भी होंगे
स्थानीय योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान, नारी शक्ति सम्मेलन, पोस्टर प्रतियोगिता और नमो ऐप के पीपल्स कॉर्नर पर विजेता प्रविष्टियां प्रदर्शित करने का प्रस्ताव भी है। इसके साथ चलती-फिरती ‘विकसित भारत 2047′ संकल्प एवं हस्ताक्षर दीवार यात्रा के साथ चलेगी और अंत में वाराणसी में प्रस्तुत की जाएगी। जहां रात्रि पड़ाव, वहां 25 दीप जलाएंगे लाभार्थी
रात्रि पड़ावों पर ’25 साल, 25 दीप’ कार्यक्रम होगा, जिसमें 25 लाभार्थी 25 दीप जलाकर दिन का सांस्कृतिक और भावनात्मक समापन करेंगे। प्रमुख पड़ावों पर पौधारोपण भी किया जाएगा और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय व्यक्ति, संस्था या विद्यालय को देने का प्रस्ताव है। वाराणसी से वड़नगर तक ये रूट फाइनल

वड़नगर से वाराणसी के ये रूट फाइनल वड़नगर से वाराणसी के बीच अभी चार रूट फाइनल हुए हैं। जिनमें रूट नंबर 1, 2, 3 और 10 शामिल हैं। मोदी के बर्थडे से नया अभियान भी होगा शुरू
जंतर-मंतर के Gen Z प्रोटेस्ट के बाद भाजपा का फोकस अब उसी युवा पीढ़ी की मोबाइल स्क्रीन पर है। पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू हो रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में भाजपा इन्फ्लुएंसर्स और रील्स के जरिए Gen Z तक पहुंचने की तैयारी में है। इन्फ्लुएंसर्स को उन जगहों पर ले जाया जाएगा, जहां सरकारों के काम से बदलाव आया है। वहीं, हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का टारगेट दिया है। यानी भाजपा का नया कैंपेन ‘ग्राउंड पर बदलाव और मोबाइल पर उसकी कहानी’ के फॉर्मूले पर चलेगा। रील्स में सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले वास्तविक लोगों की कहानियां दिखाई जाएंगी। कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के लाभार्थियों से संपर्क कर उनकी कहानी रिकॉर्ड करेंगे। रील में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और उससे जीवन में आए बदलाव की जानकारी भी दर्ज होगी। खास बात यह है कि कार्यकर्ता केवल वीडियो नहीं जुटाएंगे, बल्कि खुद भी रील बनाकर अभियान में भाग लेंगे। यूट्यूब, और इंस्टाग्राम के लिए 60 सेकंड तक की रील तैयार करने और समान हैशटैग, फ्रेम व अभियान पहचान इस्तेमाल करने की योजना है। इन्फ्लुएंसर देखेंगे ‘बदला हुआ भारत’
अभियान में देश के इन्फ्लुएंसर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को ऐसे स्थानों तक ले जाने का प्रस्ताव है, जहां पिछले वर्षों में वास्तविक बदलाव दिखाई देता है। इसका मकसद यह है कि क्रिएटर खुद मौके पर पहुंचें, स्थानीय लोगों से मिलें और वहां हुए बदलाव को अपने अनुभव के आधार पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों तक पहुंचाएं। इसके लिए राज्यों से ऐसे स्थानों की सूची मांगी जाएगी जहां लोगों के जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या अवसरों में स्पष्ट बदलाव दिखाई देता हो। सामान्य सरकारी भवन या औपचारिक कार्यक्रम स्थल इसके लिए नहीं चुने जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 50 प्रमुख राष्ट्रीय स्थलों का चयन प्रस्तावित है। ‘कहानी बदलाव की’ भी बनेगी डिजिटल सीरीज
डिजिटल कैंपेन का एक और बड़ा हिस्सा ‘कहानी बदलाव की’ है। इसके तहत सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव का अनुभव करने वाले नागरिकों की वास्तविक कहानियां वीडियो के रूप में सामने लाई जाएंगी। अभियान में करीब 25 लाख नागरिकों की कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से लगभग 25 हजार कहानियां शॉर्टलिस्ट और करीब 250 सबसे प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार करने की योजना है। जिलों और राज्यों के सोशल मीडिया अकाउंट से चयनित रील्स पोस्ट की जाएंगी। WhatsApp से Instagram तक पूरा डिजिटल कनेक्ट ‘आशीर्वाद का दीया’ से लेकर सेवा गतिविधियों तक, अभियान में डिजिटल शेयरिंग पर भी जोर रहेगा। नागरिकों, इन्फ्लुएंसर, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के दीप के फोटो-वीडियो को #आशीर्वाद_का_दीया के साथ साझा करने की योजना है। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से कोई एक चुनकर कम से कम 25 मिनट सेवा देने, उसका पहले-बाद का वीडियो बनाने और My Bharat Portal पर रील अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके बाद डिजिटल सर्टिफिकेट भी जनरेट होगा। ग्राउंड पर सेवा, मोबाइल पर कहानी
भाजपा के इस अभियान में परंपरागत जनभागीदारी के साथ डिजिटल माध्यम को जोड़ने की कोशिश दिखाई देती है। दीया घर तक पहुंचेगा, सेवा काम के जरिए दिखाई देगी और रील उस काम की कहानी सोशल मीडिया तक ले जाएगी। खासकर Instagram, YouTube और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को अभियान का हिस्सा बनाने की योजना इसी डिजिटल पहुंच को मजबूत करने के लिए रखी गई है। 17 सितंबर की शाम… हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
हर बूथ पर बीजेपी के कार्यकर्ता और आम लोग अपने घरों पर दीप जलाकर अभियान से जुड़ेंगे। हर दीये को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनाया है। 17 सितंबर की शाम बूथ कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे। इसकी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर #आशीर्वाद_का_दीया के साथ साझा होगी। स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। बच्चों को प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर जानकारी दी जाएगी। ड्राइंग के बाद स्कूल में प्रदर्शनी लगेगी, उत्कृष्ट चित्रों और भाषण के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
25 साल के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को 25 से 30 मिनट के नुक्कड़ नाटक के जरिए गांव-गांव पहुंचाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुतियां होंगी। प्रत्येक जिले में कम से कम 18-20 नाट्य टोलियां लगाने की योजना है। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर मंचन कराने का भी प्रस्ताव है। आंगनवाड़ी में माताओं का सम्मान, बच्चों की मस्ती
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक हर आंगनवाड़ी केंद्र पर ‘आंगन का उत्सव’ होगा। बच्चों के साथ उनकी माताओं को बुलाया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन होगा। लाभार्थी माताएं अपने अनुभव बताएंगी। बच्चों के लिए खेल, चित्रकला, गीत और छोटी प्रस्तुतियां होंगी। मिठाई-फल बांटे जाएंगे और पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण व बाल विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर आयोजन तीन दिन चलेगा। अब सामने आएंगी 25 लाख कहानियां
‘कहानी बदलाव की’ में सरकारी योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव झेलने वाले 25 लाख नागरिकों की वास्तविक कहानियां सामने लाने की योजना है। कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर छोटे वीडियो रिकॉर्ड करेंगे। करीब 25 हजार कहानियां शॉर्टलिस्ट और उनमें से करीब 250 प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया जाएगा। जिलों से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक इनका डिजिटल प्रचार होगा। मशाल के साथ निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
हर जिले और गांव में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने की योजना है। अलग-अलग दिशाओं से छोटी यात्राएं निकलकर एक स्थान पर मिलेंगी। लोग पैदल और दूर से आने वाले लोग बाइक रैली के जरिए पहुंचेंगे। समापन पर 25 साल की सेवा और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी तथा सभी मिलकर विकसित भारत 2047 का संकल्प लेंगे। ज्योति को सुरक्षित वाहन में ले जाने की व्यवस्था रहेगी। वड़नगर से काशी तक 500 यात्री, 250 बाइक
‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ में गुजरात की अलग-अलग पवित्र नदियों से जल एकत्र कर 250 बाइक पर 500 यात्रियों को वड़नगर लाने की योजना है। वहां भगवान हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक होगा। इसके बाद 10 टोलियां अलग-अलग मार्गों से काशी जाएंगी। काशी में जल से भगवान काशी विश्वनाथ का अभिषेक और फिर गंगाजल लेकर यात्री वडनगर लौटेंगे। रास्ते में गांव-गांव संवाद भी होगा। एक काम चुनिए, 25 मिनट सेवा कीजिए
‘सेवा मेरा योगदान’ में हर नागरिक को कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने का आह्वान किया गया है। सेवा घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल या सार्वजनिक स्थान पर की जा सकती है। पहले और बाद की फोटो/वीडियो बनाकर My Bharat Portal पर 22 भाषाओं में से किसी भाषा में रील अपलोड की जा सकेगी और डिजिटल प्रमाणपत्र मिलेगा। नदी घाटों की सफाई से सौंदर्यीकरण तक
नदी घाट या रिवरफ्रंट वाले राज्यों में चुने गए घाटों की सफाई श्रमदान से होगी। इसके बाद प्रकाश व्यवस्था, बैठक, सूचना पट्ट, हरियाली और स्वच्छता सुविधाओं के जरिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा। स्थानीय कला-संस्कृति को भी जगह दी जाएगी। आगे घाटों के रखरखाव के लिए स्थानीय समितियां बनाई जाएंगी। लोकार्पण के दिन दीप, आरती और सामूहिक संकल्प होगा। सरकार अब ‘द्वार’ पर एक ही कैंप में योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान’ में प्रत्येक विधानसभा के ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाने का प्रस्ताव है। केंद्र और राज्य सरकार की आम नागरिकों से जुड़ी योजनाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। पात्र व्यक्ति को मौके पर ही योजना से जोड़ने, आवेदन कराने और आवश्यक सहायता देने की व्यवस्था होगी, ताकि लाभार्थी को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। घर-घर रंगोली, फिर बनेगी 108 मीटर की ‘भारत मंडला’
एक तय दिन बड़े सार्वजनिक स्थल पर ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। इसमें मोदी सरकार की योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के सपने को थीम बनाया जाएगा। इसके साथ चुनिंदा शहरों में एक ही दिन 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडला’ बनाने का प्रस्ताव है। इसमें फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज, पत्ते और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल होगा। युवाओं के आइडिया की होगी राष्ट्रीय परीक्षा
‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स को जोड़ते हुए पांच क्षेत्रीय चैलेंज प्रस्तावित हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, बेंगलुरु, दिल्ली और कोलकाता में केंद्र बनाए जाने हैं। यहां इनोवेशन की प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद, विशेषज्ञ सत्र और पुरस्कार होंगे। 17 अक्टूबर को 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों का ‘महाकुंभ’
अभियान का बड़ा समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ के रूप में प्रस्तावित है। दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, सूरजकुंड और वाराणसी में आयोजन के लिए करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के जुटने का अनुमान है। वंदे मातरम् के 6 छंदों का सामूहिक गायन, 25 साल की सेवा पर वीडियो, सेवा और विकसित भारत पर प्रस्ताव, जनप्रतिनिधियों के अनुभव, प्रधानमंत्री का संबोधन और अंत में विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प प्रस्तावित है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here