इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत सामने आते ही जिम्मेदार उसका संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 1 के पार्षद महेश चौधरी बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 1 के लक्ष्मी नगर निवासी अनिता पटेल ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि गली की स्ट्रीट लाइट काफी दिनों से बंद थी। रात में अंधेरा रहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। शिकायत सामने आने के बाद आज के ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद महेश चौधरी ने मामले पर संज्ञान लिया और स्ट्रीट लाइट ठीक करवाकर समस्या का समाधान कराया। एप से लोगों को मिल रहा समाधान बर्तन बाजार: टूटा चैंबर ठीक हुआ, हादसे का खतरा टला वार्ड 68 के बर्तन बाजार निवासी मनीष जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सड़क पर चैंबर का ढक्कन टूटा हुआ है। खुले चैंबर के कारण आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। शिकायत सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने मामले पर संज्ञान लिया और चैंबर की मरम्मत कर समस्या का समाधान कराया। खतरनाक बिजली लाइन, आवारा कुत्ते, जलभराव और कचरे की समस्या भागीरथपुरा: घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन वार्ड 11 के भागीरथपुरा निवासी धर्मेश वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मकान के ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजर रही है। घर के इतने करीब से हाईटेंशन लाइन गुजरने के कारण परिवार को किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता ने बिजली लाइन की स्थिति का समाधान कराने की मांग की है। अरण्य नगर: आवारा कुत्तों के झुंड से लोग परेशान वार्ड 32 के अरण्य नगर निवासी दर्पण चोपड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले कुछ हफ्तों से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। कुत्ते झुंड बनाकर गलियों और मुख्य सड़कों पर घूमते हैं और राहगीरों, बच्चों व बुजुर्गों के पीछे दौड़ते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार कुत्तों के कारण कई बच्चे, महिलाएं और डिलीवरी करने वाले लोग स्कूटर से गिर चुके हैं। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की मांग की है। रोबोट चौराहा: हल्की बारिश में सड़क पर भर जाता है पानी वार्ड 37 निवासी महेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि रोबोट चौराहे से रेडिसन चौराहे और स्टार चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर काफी पानी जमा रहता है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी होती है और फिसलने के कारण हादसे का खतरा भी बना रहता है। शिकायतकर्ता ने जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। मोहता बाग: पार्किंग में रोज जमा हो रहा कचरा वार्ड 4 के मोहता बाग निवासी गुंजन ने शिकायत दर्ज कराई है कि सीता श्री रेजीडेंसी की साइड वाली पार्किंग में रोज कचरा जमा हो रहा है। समय पर सफाई नहीं होने से कचरे का ढेर बढ़ जाता है और आसपास बदबू व मच्छरों की समस्या बनी रहती है। शिकायतकर्ता के अनुसार इससे बच्चों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने जल्द सफाई कराने की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।
