मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का घंटे वाला बयान एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि राहुल गांधी के इंदौर आने से भाजपा को घंटा कोई फायदा नहीं होगा। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में दोबारा हलचल तेज कर दी है, इसके साथ ही मंत्री कैलाश विजयवर्गी का भागीरथपुरा दूषित जल कांड के दौरान दिया गया, यह बयान एक बार फिर चर्चाओं का विषय बन गया है। शनिवार को इंदौर के प्रेस क्लब में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम सहित अन्य मुद्दों को लेकर आई थीं। इस दौरान उनसे पूछा गया कि भाजपा के नेता का कहना है कि राहुल गांधी के आने से भाजपा को ही फायदा होगा। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जो बोलते हैं, उनका खुद का ही मजाक बन जाता है। उन्होंने कहा, “अगर वह यह कह रहे हैं कि राहुल गांधी के आने से भाजपा का ही फायदा होगा, तो मैं कहूंगी- घंटा, घंटा फायदा होगा कैलाश विजयवर्गीय जी। अपने गिरेबान में झांककर देखिए और बोलने से पहले थोड़ा सोचिए। अब तक तो आपको सीख जाना चाहिए था।
