केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान खातेगांव पहुंच गए हैं। वे यहां महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक मुफ्त कौशल प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, वे लाड़ली बहनों से राखी बंधवाएंगे और उनसे बात करेंगे। चार घंटे के लिए रुकेंगे इसके बाद शिवराज सिंह चौहान इंद्रप्रस्थ गार्डन में 23 होनहार छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे उनसे बातचीत भी करेंगे। शिवराज खातेगांव में करीब 4 घंटे रुकेंगे। यह पूरा कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को समर्पित है, इसलिए मंच पर सिर्फ महिला मेहमानों को ही जगह दी गई है। खातेगांव में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 30 दिन का मुफ्त सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण बैंक ऑफ इंडिया स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), देवास द्वारा दिया जाएगा। NRLM के सहयोग से प्रशिक्षण मिलेगा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से 30 महिलाओं को महिला वस्त्र बनाने और सिलाई का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण मिलेगा। इस प्रशिक्षण में महिलाओं को कपड़े की माप लेने, कटिंग करने, अलग-अलग तरह के टांके लगाने, फिनिशिंग और क्वालिटी चेक करने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें अपना काम शुरू करने, बिजनेस बढ़ाने और उसे आगे ले जाने के बारे में भी बताया जाएगा। इस ट्रेनिंग का मकसद ग्रामीण महिलाओं को सिलाई का हुनर सिखाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है।
